Movie Review: लूटकेस
कलाकार: कुणाल खेमू, विजय राज, गजराज राव, रसिका दुग्गल, आर्यन प्रजापति, सुमित निझावन और रणवीर शौरी
निर्देशक: राजेश कृष्णन
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: ***
कुणाल खेमू काफी सीनियर एक्टर हैं। 47 साल उनकी उम्र है और 37 साल का है उनका वर्क एक्सपीरियंस। गजराज राव, विजय राज और रणवीर शौरी जैसे कलाकारों के बीच उनके जैसे भले मानुस को देखकर आपको लग सकता है कि बेचारा कहां इन दिग्गजों के बीच आ फंसा लेकिन कॉमेडी का असली किंग कौन, पूछेंगे तो इस चौकड़ी में कुणाल खेमू का पलड़ा इन सबसे भारी है। प्रियदर्शन के साथ 'ढोल', उमेश शुक्ला के साथ 'ढूंढते रह जाओगे', रोहित शेट्टी के साथ 'गोलमाल 3 और गोलमाल अगेन' और राज एंड डीके के साथ 'गो गोवा गॉन' करने वाले कुणाल ने पिछली दो फिल्मों 'कलंक' और 'मलंग' में अपनी कलाकारी के कुछ नए खेल भी दिखाए हैं। लेकिन, दर्शकों को अब भी जो किरदार उनका याद है, वह है 'गोलमाल' का लक्ष्मण शर्मा। फिल्म 'लूटकेस' की कहानी में भले वह बने नंदन कुमार हैं लेकिन ये है विस्तार लक्ष्मण शर्मा का ही।