वेब सीरीज रिव्यू: एलओएल- हंसे तो फंसे
कलाकार: बोमन ईरानी, अरशद वारसी, साइरस बरूचा, सुरेश मेनन, सुनील ग्रोवर, अंकिता श्रीवास्तव, आकाश गुप्ता, अदिति मित्तल, गौरव गेरा, आदर मलिक, मल्लिका दुआ और कुशा कपिला।
ओटीटी: अमेजन प्राइम वीडियो
रेटिंग: *1/2
दूसरों को छुप छुप कर देखना और मजे लेना एक अलग ही आर्ट है। मानवीय स्वभाव ही होता है ऐसा कि जो न देखने को कहा जाए, मन उसी तरफ सबसे पहले भागता है। उस लिहाज से देखें तो प्राइम वीडियो का नया वेब शो ’एलओएल- हंसे तो फंसे’ दर्शनरति के जाल में खुद ही फंसता नजर आता है। यहां ‘बिग बॉस’ के आइडिया में ‘कॉमिकस्तान’ फंसाने की कोशिश की गई है। कॉमेडी शो हंसाने के लिए होते हैं। इस शो का मूल विचार ये है कि जो भी प्रतियोगी बंद हवा में हंसेगा वह महल के बाहर होगा। दावा है कि खेल छह घंटे में खेला गया है। उसी हिसाब से इसके एपीसोड हैं। लेकिन, लगातार तो खैर कहने को ही होगा क्योंकि जिस हिसाब से शो का सेट, इसकी कॉस्ट्यूम्स और प्रॉपर्टी हैं, उसमें इसे शूट करने में छह दिन तो कम से कम लगे ही होंगे। शो अपने कॉन्सेप्ट लेवल पर ही फेल है। हां, गनीमत ये है कि पहला एपीसोड छोड़ बाकी सब आधे घंटे से कम के ही हैं।