Movie Review: हंगामा 2
पटकथा: यूनुस सजावल। संवाद: अनुकल्प गोस्वामी, मनीषा कोरडे
कलाकार: शिल्पा शेट्टी, प्रणिता सुभाष, परेश रावल, आशुतोष राणा, मीजान जाफरी, राजपाल यादव, टीकू तलसानिया, मनोज जोशी आदि।
लेखक, निर्देशक: प्रियदर्शन
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: *
हिंदी सिनेमा के निर्माता मानें न मानें लेकिन ओटीटी पर मिल रही इफरात मनोरंजन सामग्री के बीच से ढंग का कुछ देखने लायक चुनने के लिए दर्शकों ने इनके लेखन को पहली कसौटी मान लिया है। कहानी में नयापन, अभिनेताओं का किरदारों में पूरी तरह ढल जाना और निर्देशन की ईमानदारी, ये तीन मुख्य बिंदु हो चले हैं किसी भी फिल्म, वेब सीरीज या शो को ओटीटी पर देखने के। करीब नौ साल बाद किसी हिंदी फिल्म के निर्देशन में वापस लौटे प्रियदर्शन की नई फिल्म ‘हंगामा 2’ इन तीनों कसौटियों पर शून्य है। प्रियदर्शन ने दक्षिण भारत में धूम मचाने के बाद हिंदी सिनेमा में भी काफी लीक से हटकर फिल्में बनाई हैं और उनकी तमाम फिल्में सुपरहिट भी रही हैं, लेकिन हिंदी में हिट का उनका वनवास फिल्म ‘हंगामा 2’ में भी खत्म नहीं हो पाया। उनकी हिंदी में आखिरी हिट फिल्म ‘भूल भुलैया’ 2007 में रिलीज हुई थी। प्रियदर्शन उसके बाद ‘मेरे बाप पहले आप’, ‘बिल्लू’, ‘दे दना दन’, ‘खट्टा मीठा’, ‘बम बम बोले’, ‘आक्रोश’ ‘तेज’ और ‘रंगरेज’ के रूप में आठ बैक टू बैक फ्लॉप फिल्में बना चुके हैं। फिल्म ‘हंगामा 2’ उनकी नौवीं फ्लॉप फिल्म है।