फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइस्कोप: पहली ही फिल्म में सलमान का इस बात को लेकर हो गया पंगा, हीरोइन ने इंडस्ट्री ही छोड़ दी

विज्ञापन
1 of 8
बीवी हो तो ऐसी (1988) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अमिताभ बच्चन और रेखा का जन्मदिन एक दिन के अंतर पर आता है ये तो आपको मालूम होगा लेकिन कभी आपने इस बात पर गौर किया क्या कि दोनों की लीड किरदारों वाली पहली फिल्म भी एक ही साल में रिलीज हुई हैं। या फिर कि जब अमिताभ बच्चन फिल्में छोड़ राजनीति करने चले गए और सक्रिय अभिनय से कोई चार साल तक दूर रहे, तो रेखा की फिल्में भी ज्यादा चली नहीं। और, फिर दोनों की बड़े परदे पर नई पारी भी एक साथ एक ही साल 1988 में शुरू हुई। इस साल अमिताभ बच्चन ‘शहंशाह’ बनकर परदे पर लौटे और रेखा ने अमिताभ की तरह ही धमाकेदार वापसी की फिल्म ‘खून भरी मांग’ और ‘बीवी हो तो ऐसी’ में। ‘घर’, ‘खूबसूरत’, ‘उमराव जान’ और ‘सिलसिला’ के बाद रेखा की तमाम फिल्में लाइन से फ्लॉप हुईं और फिर एक ही महीने में दो हफ्तों के अंतर से रिलीज हुईं फिल्मों ‘खून भरी मांग’ और ‘बीवी हो तो ऐसी’ ने उनके करियर को एक नया उछाल दे दिया। आपको जानकर शायद हैरानी हो लेकिन ‘बीवी हो तो ऐसी’ ऐसी फिल्म है जिसकी नाकामी की दुआ खुद सलमान खान ने मांगी, लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के शानदार सौ दिन पूरे किए और इसका ये गाना साल के सुपरहिट गीतों में शामिल रहा।


विज्ञापन

2 of 8
बीवी हो तो ऐसी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
नए जमाने की बहू का नया अंदाज
रेखा ने अपने करियर में जीतेंद्र के साथ तमाम ऐसी फिल्में की हैं जिनमें वह सिंदूर और मंगलसूत्र के लिए दूसरी हीरोइन के साथ कंपटीशन करती नजर आईं। इन फिल्मों में साड़ी पहनने वाली रेखा दिखती भी बहुत खूबसूरत है। लेकिन, ये सारे किरदार एक हीरो के इर्द गिर्द रचे गए किरदार थे। फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ एक तरह से घरेलू हिंसा के खिलाफ खड़ी हुई एक बहू की कहानी है जो अपने परिवार के लिए दबंग बनने से भी बाज नहीं आती। ये नए जमाने की नई बहू का अवतार था। फिल्म में कांजीवरम की साड़ियां पहनने वाली, ससुर के पैर छूने वाली, सरस्वती की पूजा करने वाली, देवर का घर बसाने की कोशिशें करने वाली शालू शानदार तरीके से अपना रौद्र रूप भी दिखाती है। ये उन दिनों की बात है जब रेखा को  ‘लेडी अमिताभ’ कहा जाने लगा था। और, दर्शकों ने उनका ये एक्शन अवतार खूब पसंद भी किया। हालांकि इसी फिल्म में कॉमेडी भी उन्होंने खूब की है।

विज्ञापन

3 of 8
बीवी हो तो ऐसी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सौ दिन सास के, एक दिन बहू का
फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ की कहानी भंडारी परिवार की कहानी है। परिवार की मालकिन कमला है और बिल्कुल मालकिन की तरह ही परिवार चलाती है। पति कैलाश घरजमाई है और हिंदी पट्टी में घर जमाई को लेकर जितनी कहावतें प्रचलित हैं, सब इन पर सौ फीसदी फिट होती हैं। घर का बड़ा सूरज शादी लायक है। मां की मनोकामना है कि उनकी हैसियत के किसी परिवार की बेटी घर आए। सूरज का दिल आ जाता है शालू पर। सास इस अनचाही बहू पर अत्याचार करती है। खूब साजिशें करती है। पर शालू घर की बहू बनकर उसका दिल जीतने की कोशिश में लगी रहती है। ससुर की वह दुलारी है। देवर विकी उसके हक में आवाज भी उठाता है। और, एक दिन सौ दिन सास के खत्म होते हैं और शुरू होता है एक दिन बहू का। कमला ये जानकर हैरान रह जाती है कि शालू वो नहीं है जो अब तक दिख रही थी। वह तो एक खेल का हिस्सा रही है। जो कैलाश भंडारी ने अपने दोस्त अशोक मेहरा के साथ मिलकर खेला।

4 of 8
बीवी हो तो ऐसी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ऐसे मिला स्ट्रगलर सलमान को पहला रोल
खेल इस फिल्म के दौरान और भी बहुत हुए लेकिन पहले बात उन सलमान खान की जो आगे चलकर हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार बने। इस फिल्म में सलमान खान का सेलेक्शन भी अपने आप में एक अलग कहानी है। फिल्म का पूरा सेटअप इसके निर्देशक जे के बिहारी ने तैयार कर लिया था। रेखा साइन हो चुकी थीं। उनके पति के किरदार में फारुक शेख साइन हो चुके थे। कादर खान, असरानी और बिंदू भी साइन हो चुके थे। बस नहीं मिल रहा था तो रेखा के देवर के रोल के लिए कोई युवा कलाकार। फिल्म के निर्देशक जय कुमार बिहारी एक दिन बहुत परेशान हो गए। उन्होंने सोच लिया कि आज जो भी स्ट्रगलर सबसे पहले उनके दफ्तर में काम मांगने आएगा, वह उसे ही साइन कर लेंगे। संयोग से उस दिन सलमान ने उनका दरवाजा खटखटा दिया। सलमान वहां पहुंचे थे के सी बोकाडिया के प्रोडक्शन मैनेजर की सिफारिश लेकर। बोकाडिया ने ये फिल्म प्रस्तुत की है।
विज्ञापन

5 of 8
बीवी हो तो ऐसी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हीरोइन ने इंडस्ट्री छोड़ दी
फिल्म में रेनू आर्या ने सलमान की हीरोइन का रोल किया है। उनका शूटिंग के दौरान का एक दुर्लभ चित्र यहां ऊपर आप देख सकते हैं। सलमान और कादर खान के बीच खड़ी रेनू आर्या की चर्चाएं उन दिनों खूब हुई थीं। कुछ लोग कहते थे वह फिल्म में के सी बोकाडिया की सिफारिश से आईं तो कुछ लोग उन्हें फिल्म के निर्माता सुरेश भगत का सेलेक्शन बताते थे। फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ में वैसे पहले जूही चावला सलमान खान की हीरोइन बनने वाली थीं। लेकिन, जब वह फिल्म साइन करने पहुंची तब तक रेनू आर्या फाइनल हो चुकी थीं। हालांकि सलमान बहुत सालों तक यही समझते रहे कि जूही चावला ने एक अनजान लड़के के सामने काम करने से मना कर दिया था। इसे लेकर दोनों में मनमुटाव भी रहा। रेनू आर्या ने इसके बाद कोई दूसरी फिल्म नहीं की और फिल्म के रिलीज होने के तुरंत बाद एक एयरलाइंस में एयरहोस्टेस की नौकरी करके सेटल हो गईं।
विज्ञापन

6 of 8
सलमान खान - फोटो : Twitter- @BombayBasanti
पहला सीन वन टेक में ओके
फिल्म का मुहूर्त बांद्रा स्थित भल्ला हाउस में हुआ। उस दिन मुहूर्त के मौके पर मौजूद रहे वरिष्ठ फिल्म पत्रकार इंदर मोहन पन्नू बताते हैं, ‘उस दिन मेरी रुचि रेनू आर्या का इंटरव्यू लेने में थी और मैं उसी के लिए वहां रुका हुआ था। तभी फिल्म के निर्देशक जे के बिहारी ने मुझे सलमान से मिलाया ये कहते हुए कि ये सलीम साहब के बेटे हैं। तब मेरा मन सलमान का इंटरव्यू करने का भी हुआ। उस दिन सलमान खान का एक सीन था बिंदू के साथ जिसमें उनको एक लाइन बोलनी थी। जे के बिहारी ने एक्शन बोला तो सलमान ने अपनी लाइन पहली बार में ही परफेक्ट बोली। शॉट पहले टेक में ही ओके हो गया। हालांकि, सलमान को निर्देशक के ओके कहने के बाद भी भरोसा नहीं हो रहा था। उनके साथ एक युवक उस दिन और था। सलमान लगातार उससे यही पूछते रहे कि कैसा रहा उनका शॉट। ये वो दौर था जब सलमान काम की तलाश में यहां वहां भटकते रहते थे। जैकी श्रॉफ के कहने पर सलमान निर्देशक के शशिलाल नायर से भी मिले। और, कहते हैं कि तब शशिलाल नायर ने सलमान से कह दिया था कि वह बेधड़क कहीं भी जरूरत पड़ने पर उनका नाम ले सकते हैं।
विज्ञापन

7 of 8
सलमान खान - फोटो : Twitter- @BombayBasanti
सलीम खान तक पहुंची सलमान की शिकायत
जी हां, सही पढ़ा आपने। इन दिनों भले हर तरफ नेपोटिज्म का शोर चल रहा हो। सितारे सोशल मीडिया पर इसके चलते ट्रोल हो रहे हों, लेकिन सच ये भी है कि सलीम खान ने अपने बेटे को काम देने के लिए कभी उनकी सिफारिश नहीं की। सलमान ने फिल्म इंडस्ट्री में पहला ब्रेक भी खुद जाकर काम मांगने पर ही पाया और सलमान को साइन करने तक जे के बिहारी को पता नहीं था कि वह सलीम खान के बेटे हैं। लेकिन, जब पता चला तो वह सीधे सलीम खान के पास पहुंच गए सलमान खान की शिकायत लेकर। सलमान तब बाकी युवाओं की तरह ही थे। थोड़ा अक्खड़ और थोड़ा मनमौजी। तब शशिलाल नायर ने जाकर मामला संभाला और सलीम खान ने भी सलमान की तगड़ी क्लास लगाई। जे के बिहारी  सोशल मीडिया पर शान से लिखते हैं कि उन्होंने सलमान खान को पहला मौका दिया जबकि हकीकत यही है कि फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ के लिए सलमान ने डबिंग भी नहीं की और न ही कभी जे के बिहारी की किसी दूसरी फिल्म में काम ही किया।
विज्ञापन

8 of 8
बीवी हो तो ऐसी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सामाजिक बदलाव का सही संकेत
फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ अपने कालखंड की एक महत्वपूर्ण फिल्म इस लिहाज से है कि इसमें घर की बहू को आज्ञाकारी, सुशील और घर परिवार का लिहाज करने वाली महिला के तौर पर तो दिखाया गया लेकिन इसी बहू का रूप भी बदलते लोगों ने देखा जब सास का अत्याचार हद से ज्यादा गुजर जाता है। फिल्म इस लिहाज से एक सामाजिक पहल भी करती है कि एक बहू का घर के सभी सदस्यों के साथ रिश्ता ही परिवार को जोड़ने का काम भी करता है और परिवार को आगे बढ़ाने का काम भी करता है। फिल्म में रेखा के किरदार का एक रोचक ग्राफ है जिसमें उनका किरदार गांव की चुलबुली लड़की से लेकर एक शालीन बहू से होता हुआ एक विदेश मे पढ़ी लिखी लड़की के किरदार तक जाता है। फारुक शेख ने शालू के पति का किरदार बहुत ही सहजता से निभाया है। फारुक शेख और रेखा की फिल्म ‘उमराव जान’ के बाद इसी फिल्म में दोबारा जोड़ी बनी। सलमान खान के साथ तो रेखा ने इस फिल्म के बाद किसी दूसरी फिल्म में काम ही नहीं किया। दोनों का स्पेशल अपीयरेंस जरूर फिल्म ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ में देखा जा सकता है। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: बाइस्कोप: मोहम्मद रफी को इस फिल्म के लिए मिला इकलौता नेशनल अवार्ड, ऋषि और जीनत की फिर नहीं बनी जोड़ी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें