पाताल लोक
- फोटो : Amazon Prime Video
जिन चार किरदारों की तफ्तीश पर पूरी सीरीज टिकी है उनमें हथौड़ा त्यागी के किरदार में अभिषेक बनर्जी अव्वल नंबर रहे। दूसरे नंबर पर रहने के लिए कांटे की टक्कर रही एक दलित पंजाबी का किरदार करने वाले जगजीत संधू और दरमियां किरदार में मेयरेम्बाम रोनाल्डो सिंह के बीच। दोनों के किरदार में गजब का ग्राफ है और दोनों ने हर बदलते सीन में अपना रंग जमाया है। सीरीज में विपिन शर्मा, गुल पनाग, राजेश शर्मा, आकाश खुराना, स्वस्तिका मुखर्जी, निहारिका लायरा दत्त, आसिफ खान, अनूप जलोटा सबने अपना अपना काम अपने नाम के हिसाब से कर दिया है। खास उल्लेख करने लायक यहां दो नाम और हैं। एक हैं चंदा बनी अनिंदिता बोस, जिनका दमदार त्रिया चरित्र सीरीज के कांटे खोलने में मदद करता है। और, दूसरे हैं इश्वाक सिंह। आमिर खान की फिल्म सरफरोश में सलीम बने मुकेश ऋषि की खूब याद आती है, इश्वाक का अभिनय देखकर। जोगी मलंग के खजाने का ये वो हीरा है जिस पर सिनेमा के बड़े जौहरियों की नजर पड़ना अभी बाकी है।