कोर्टरूम में हुआ बबाल
सोमवार यानी 23 मई को जॉनी डेप और एम्बर हर्ड के केस की सुनवाई एक बार फिर शुरू की गई। इस केस में मॉर्निंग ब्रेक में तब बहुत बबाल मचा था, जब एक महिला ने सबके सामने चिल्लाते हुए कहा,' आई लव यू, जॉनी। हम दोनों के मन और हमारी आत्माएं जुड़ी हुई हैं।' इतना कहने के बाद जॉनी ने उसकी तरफ देखकर हाथ हिलाया। जॉनी से ऐसा रिएक्शन मिलने के बाद उस महिला ने चीखते हुए कहा, 'यह तुम्हारा बच्चा है।' इसके बाद उस महिला को कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया गया। यह सब सुनकर वहां मौजूद एम्बर काफी सकपका गईं थीं। मीडिया के सामने उस महिला ने माना कि वह सिर्फ मजाक कर रही थी।
कब खत्म होगी सुनवाई
इस हाई प्रोफाइल केस में कई खुलासे होने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि इस केस की सुनवाई 27 मई तक चलेगी। सुनवाई के दौरान एम्बर, उनकी बहन और जॉनी की एक्स गर्लफ्रेंड ने अभिनेता पर चौंकाने वाले आरोप लगाए थे। एम्बर ने यहां तक कह दिया था कि जॉनी नशे की हालत में उनके साथ यौन हिंसा करते थे। हालांकि, एम्बर ने अपने बयान में यह भी कहा है कि उन्होंने भी अपने बचाव में जॉनी पर कई बार हाथ उठाया था।
जानिए पूरा मामला
जॉनी डेप और एम्बर हर्ड एक-दूसरे से साल 2009 मिले थे। कुछ वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2015 में दोनों ने शादी की। लेकिन, इनकी शादी लंबी नहीं चली और एक साल बाद ही दोनों अलग रहने लगे थे। इसके बाद साल 2017 में इनका तलाक हो गया। वर्ष 2018 में एम्बर ने अखबार में एक आर्टिकल लिखा था, जिसमें उन्होंने जॉनी का नाम बिना लिए उन पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे। जॉनी ने इसी आर्टिकल के आधार पर एम्बर पर 50 मिलियन डॉलर का मानहानि का केस किया है। इस केस के जवाब में एम्बर ने भी जॉनी पर कई तरह के आरोप लगाते हुए उन पर 100 मिलियन डॉलर का दावा ठोक दिया है।