हॉलीवुड अभिनेता ड्वेन जॉनसन अक्सर सुर्खियों में रहते हैं और अब एक बार फिर से ड्वेन चर्चा में आ गए हैं। ड्वेन ने कहा कि अगर वो कभी अमेरिका के राष्ट्रपति बने तो देश के लोगों की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। बता दें कि जॉनसन की यह टिप्पणियां उस सर्वेक्षण के जवाब में आई हैं, जिसमें कहा गया कि अमेरिका की लगभग आधी आबादी चाहती है कि ड्वेन राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए दावेदारी पेश करें।
डब्ल्यूडब्ल्यूई के पहलवान से एक्टर बने ड्वेन जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर लिखे पोस्ट में एक लेख शेयर किया, जिसमें कहा गया है, 'कम से कम 46 प्रतिशत अमेरिकी ड्वेन ‘द रॉक’ जॉनसन की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी का समर्थन करेंगे।'
उन्होंने लिखा, 'बेहद सुखद, मुझे नहीं लगता कि हमारे संस्थापक सदस्यों ने कभी सोचा होगा कि कोई छह फुट चार इंच का, गंजा, टैटू गुदवाने वाला, आधा अश्वेत, आधा-समाओ, टकीला पीने वाला फैनी बैग पहनने वाला शख्स उनके क्लब में शामिल होगा, लेकिन अगर ऐसा कभी हुआ तो आप लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।'
बता दें कि ड्वेन जॉनसन के पिता अश्वेत थे और उनकी मां समाओ की रहने वाली थीं। खैर, यह पहली बार नहीं है जब अभिनेता ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जाहिर की है। जॉनसन ने 2017 में कहा था कि वह राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश करने के बारे में ‘गंभीरता से विचार’ कर रहे हैं। जॉनसन को ‘द रॉक’ नाम से भी जाना जाता है।