भारत में फिल्मों का इतिहास 100 वर्षों से भी ज्यादा का है। इन वर्षों में दर्शकों ने कई दिग्गजों कलाकारों को पर्दे पर अभिनय करते देखा है। इस दौरान एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर, सदाबहार और कालजयी फिल्में बनी हैं। भारतीय फिल्मों में नायकों का फैंस से एक भावनात्मक जुड़ाव होता है, जिस वजह से वो पर्दे पर उनके द्वारा की गई सभी चीजों पर सहज विश्वास कर लेते हैं। ऐसे में अगर नायक अकेले ही सौ गुंडो को मारता है, तो भी वो इस पर आसानी से विश्वास कर लेते हैं। वो ऊंची इमारतों से बिना किसी सुरक्षा के छलांग लगा देता है, तो भी फैंस इसे सच मानकर खूब सीटियां मारते हैं। फैंस और अभिनेताओं के बीच मौजूद इस बॉन्ड की वजह से ही निर्माताओं द्वारा कई बार ऐसे-ऐसे दृश्य दिखाए जाते हैं, जो वास्तविकता से काफी परे होते हैं, लेकिन सिनेमाघरों में दर्शकों से इसे काफी प्यार मिलता है। ऐसा ही सीन कुछ फिल्मों में देखने को मिला, जब अभिनेता समुद्र के अंदर शार्क का सामना करते नजर आए।