Rhea Chakraborty: रिया चक्रवर्ती शो ‘द ट्रेटर्स 2’ का हिस्सा हैं। इसमें प्रतिभागी या तो ट्रेटर होते हैं या फिर इनोसेंट। ऐसे में जब रिया को कोई ट्रेटर की नजर से देखता है, तो उन्हें कैसा लगता है? इस बारे में उन्होंने बताया है।
‘द ट्रेटर्स 2’ में किसी पर शक होना खेल का हिस्सा है, मगर रिया चक्रवर्ती के लिए ‘ट्रेटर’ शब्द शायद बाकी खिलाड़ियों जितना हल्का नहीं है। घर में जब उन पर शक बढ़ता है, तो रिया अपनी जिंदगी के उस दौर को याद करती हैं, जब उन्हें लगता था कि दुनिया ने पहले ही उन्हें ट्रेटर मान लिया था। उनकी सफाई में खेल से ज्यादा उनकी अपनी कहानी सामने आ जाती है।
मैं इनोसेंट निकली
घर में अपने ऊपर हो रहे शक के बीच रिया कहती हैं, 'मैं सच में ट्रेटर नहीं हूं। मैं कैसे बताऊं? मेरा जो नैरेटिव है ना लाइफ का, यही रहा कि दुनिया ने मुझे ट्रेटर समझा लेकिन मैं इनोसेंट निकली हूं।'
रिया का इशारा उस दौर की तरफ है, जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें लंबे समय तक सवालों और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। 2025 में सीबीआई ने मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। जांच में रिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का सबूत नहीं मिला था।
क्या है रिया की सफाई?
शो में खेल का एक अहम हिस्सा हत्या का है। ट्रेटर्स को चुपचाप किसी खिलाड़ी को खेल से बाहर करने का मौका मिलता है। जबकि बाकी खिलाड़ी यह पता लगाने की कोशिश करते हैं कि आखिर ट्रेटर कौन है।
ऐसे में जब रिया पर भी ट्रेटर होने का शक बढ़ता है, तो वह अपनी पुरानी छवि का हवाला देते हुए कहती हैं, 'मैं तो पहले से ही दुनिया को ट्रेटर दिखती हूं, समझ रहे हो? मेरी निजी जिंदगी की वजह से। तो मैं जानबूझकर एक शो में आकर मर्डर-वर्डर थोड़ी करूंगी। ये मेरे लिए बहुत खराब होगा। इसके मीम्स बनेंगे। मैं देश की सबसे ज्यादा ट्रोल होने वाली इंसान हूं, इसका मतलब समझते हो आप?'
रिया को लगता है कि अगर उन्होंने खेल में जानबूझकर किसी को धोखा दिया तो लोग इसे सिर्फ खेल की चाल नहीं मानेंगे। उनके लिए यह उनकी पुरानी छवि से भी जुड़ जाएगा।
रिया ने करण से क्या कहा?
दरअसल, शो के पहले के एक एपिसोड में करण जौहर ने रिया से पूछा था कि वह ट्रेटर बनकर खेलना चाहेंगी या इनोसेंट बनकर। रिया ने साफ कहा था कि वह इनोसेंट बनना चाहती हैं।
उन्होंने कहा था, 'एक्चुअली मुझे इसी साल क्लीन चिट मिली है। इसी साल ही लोगों को पता चला है कि मैं इनोसेंट हूं। बहुत देर तक शक में रही हूं, तो वो इतना पसंद नहीं है अब मुझे।'
सुशांत की मौत के बाद बदली जिंदगी
साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा। रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को सुशांत से जुड़े नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। रिया बाद में जेल में बिताए समय और उस दौर के मानसिक असर के बारे में बात कर चुकी हैं।
अब ‘द ट्रेटर्स 2’ में जब रिया पर फिर ट्रेटर होने का शक हो रहा है, तो उनकी बात का संदर्भ सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रह जाता। इस बार ट्रेटर होना खेल का हिस्सा है, लेकिन शक की नजर से देखे जाने का अनुभव रिया के लिए नया नहीं है।