फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2024: सलमान के घर पर गोलीबारी, साउथ सुपरस्टार ने अपने ही फैन की जान ली; ये रहे साल के 10 बड़े विवाद

Tue, 31 Dec 2024 07:52 PM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Year Ender 2024: कोई भी साल हो। तमाम अच्छी चीजें होती हैं। मगर, रायते न फैलें ऐसा भला कैसे हो सकता है? एंटरटेनमेंट की दुनिया भी इससे अछूती नहीं। इस साल कई मामलों में खूब विवाद भी हुए। जानते हैं...
विज्ञापन
1 of 11
इस साल के 10 बड़े विवाद - फोटो : अमर उजाला
साल 2024 खत्म हो रहा है। इस साल इंडस्ट्री में कई नई चीजें देखने को मिलीं। कई स्टारकिड्स ने डेब्यू किया। धमाकेदार फिल्में रिलीज हुईं। किसी सितारे के परिवार ने विस्तार लिया तो कुछ ने शादी करके घर बसाया। लेकिन, कोई भी साल ऐसा नहीं होता, जब विवाद न रहे हों। इस साल भी यह सिलसिला जारी रहा। किसी की फिल्मों पर झूठे कलेक्शन दिखाने के आरोप लगे तो किसी फिल्म के सीन पर विवाद हुआ। इसके अलावा और भी कई विवाद छाए रहे। आइए जानते हैं...
विज्ञापन

2 of 11
सलमान खान-लॉरेन्स बिश्नोई - फोटो : अमर उजाला
सलमान खान को मिली धमकियां 
सालभर सलमान खान को बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर धमकी मिलने की खबरें आती रहीं। जनवरी में अभिनेता के फार्म हाउस में दो अज्ञात युवकों के घुसने की खबर आई। इस पर जांच हुई। फिर, अप्रैल में उनके आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबार की घटना भी हुई। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाईं। पुलिस जांच में इसके तार गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई से जुड़े पाए गए। अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाई गई। अक्तूबर में मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई। इसमें भी बिश्नोई गैंग का हाथ होने का पता चला। कहा गया कि सलमान खान के साथ नजदीकियों के चलते बाबा सिद्दीकी को निशाना बनाया गया। मालूम हो कि बाबा सिद्दीकी एक्टर सलमान के करीबी दोस्त थे। सलमान उनकी ईद पार्टी में हमेशा उपस्थिति दर्ज कराते थे।
विज्ञापन

3 of 11
दर्शन-पवित्रा - फोटो : अमर उजाला
रेणुकास्वामी मर्डर केस
इसके अलावा रेणुकास्वामी मर्डर केस भी खबरों में रहा है और अब तक है। साउथ एक्टर दर्शन थुगुदीपा पर रेणुका स्वामी नाम के एक प्रशंसक की हत्या का आरोप है। इसमें उनकी दोस्त पवित्रा भी आरोपी हैं। दर्शन ने अपनी दोस्त पवित्रा की शिकायत के बाद रेणुकास्वामी को सबक सिखाने की ठानी और कथित तौर पर उन्होंने रेणुकास्वामी के मर्डर की साजिश रची। यह हाईप्रोफाइल मर्डर केस इस साल जून में सामने आया। दर्शन, पवित्रा व अन्य आरोपियों को जेल हुई। हाल ही में इस मामले में दर्शन, पवित्रा सहित अन्य आरोपियों को कर्नाटक हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है।  

4 of 11
फाइटर - फोटो : अमर उजाला
'फाइटर' के किसिंग सीन पर बवाल
इस साल जनवरी में फिल्म 'फाइटर' रिलीज हुई, जिसमें ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण लीड रोल में नजर आए। इसके एक किसिंग सीन पर भी काफी बवाल हुआ। यह सीन ऋतिक और दीपिका के बीच फिल्माया गया। एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण के किसिंग सीन पर निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा था। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। 
विज्ञापन

5 of 11
पूनम पांडे - फोटो : अमर उजाला
पूनम पांडे के निधन की झूठी खबर 
इस साल सबसे ज्यादा सनसनी मचा देने वाली और कंट्रोवर्सी वाली खबर रही पूनम पांडे के निधन की झूठी खबर। यह अपने आप में अनोखी घटना हुई और अपनी किस्म की पहली भी। पूनम पांडे के इंस्टाग्राम अकाउंट से सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया गया और उसमें उनके निधन की बात कही गई। मीडिया में भी अभिनेत्री के न रहने की खबरें चल पड़ीं। फिर अगले दिन पूनम पांडे के सोशल मीडिया अकाउंट से एक और पोस्ट साझा कर सच्चाई बताई गई। उन्होंने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के बारे में जागरूकता फैलाने के मकसद से उन्होंने अपनी मौत की झूठी खबर का नाटक किया। इस झूठी खबर की वजह से इस साल गूगल सर्च लिस्ट 2024 में पूनम पांडे सातवें नंबर पर रही हैं।
विज्ञापन

6 of 11
अरशद वारसी-प्रभास - फोटो : अमर उजाला
प्रभास पर अरशद वारसी की टिप्पणी से मचा बवाल
अभिनेता अरशद वारसी की एक टिप्पणी से भी इस साल खूब विवाद हुआ। दरअसल, फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में अभिनेता प्रभास के भैरव किरदार को उन्होंने कथित तौर पर 'जोकर' कहा। इसके बाद बॉलीवुड बनाम साउथ की बहस सोशल मीडिया पर छा गई। कई साउथ सितारे प्रभास के बचाव में आए। वहीं, अरशद वारसी की आलोचना हुई। बवाल के बाद अरशद वारसी ने सफाई दी और कहा था, 'उनकी टिप्पणी कल्कि 2898 एडी में प्रभास के किरदार भैरव के बारे में थी, न कि व्यक्ति के बारे में'। उन्होंने प्रभास को शानदार कलाकार बताते हुए कहा, 'हर किसी का अपना देखने का तरीका होता है। मैंने किरदार के बारे में बात की थी न कि व्यक्ति के बारे में'। 
विज्ञापन

7 of 11
फिल्म जिगरा में आलिया भट्ट - फोटो : अमर उजाला
आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा' पर विवाद
इस साल अक्तूबर में आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा रिलीज हुई। यह फिल्म विवाद में छा गई। दरअसल, फिल्म पर टी-सीरीज की मालकिन और अभिनेत्री दिव्या खोसला कुमार ने फर्जी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दिखाने का अरोप लगाया। दिव्या ने इस संबंधन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया। वहीं, जिगरा के निर्माता करण जौहर ने इस तरह के पोस्ट को महत्वहीन बताया। उन्होंने दिव्या का नाम लिए बिना पोस्ट साझा किया। दिव्या खोसला और करण जौहर के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। इसके अलावा दिव्या की पीआर टीम ने 'जिगरा' पर 'सावी' की कहानी चुराने का आरोप भी लगाया।

8 of 11
एआर रहमान-सायरा - फोटो : अमर उजाला
एआर रहमान के तलाक पर कंट्रोवर्सी
इस साल 19 नवंबर को एआर रहमान ने अपनी पत्नी सायरा बानो से तलाक का एलान किया। दोनों की 29 साल की शादी का अंत हो गया। दोनों के तलाक की खबरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। तलाक की खबर का एलान करते हुए एआर रहमान ने हैशटैग ARRSairaaBreakup का इस्तेमाल किया। इस पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया।

9 of 11
सामंथा-नागा - फोटो : अमर उजाला
तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा का सामंथा के तलाक पर कमेंट
तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा ने अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु और नागा चैतन्य के तलाक पर विवादित टिप्पणी की, जिस पर काफी हंगामा हुआ। मामला बढ़ा तो कोंडा सुरेखा ने सफाई पेश की। दरअसल, मंत्री ने दोनों के तलाक के लिए विपक्षी बीआरएस नेता के टी रामा राव को दोषी ठहराया था। इसके बाद सामंथा प्रभु और चैतन्य, दोनों ने मंत्री के बयान का विरोध किया और कहा कि उन्होंने अलग होने का फैसला आपसी सहमति से लिया था। मंत्री की टिप्पणी के बाद साउथ जगत के तमाम सितारे सामंथा और नागा के पक्ष में उतरे और मंत्री के बयान पर निशाना साधा। 

10 of 11
सुनील पाल, मुश्ताक खान - फोटो : अमर उजाला
सुनील पाल और मुश्ताक खान का अपहरण
कॉमेडियन सुनील पाल और अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण की खबरें भी खूब मीडिया में छाईं और अब तक सिलिसिला जारी है। दोनों को इवेंट के बहाने बुलाकर उनका अपहरण किया गया। मुश्ताक खान का अपहरण नवंबर में किया गया। वहीं, सुनील पाल को 2 दिसंबर को किडनैप किया गया। दोनों का अपहरण एक ही गैंग ने किया। यह गैंग फिल्म अभिनेताओं का अपहरण कर फिरौती वसूलता है। कॉमेडियन सुनील और एक्टर मुश्ताक के अपहरण कांड के बाद इस गैंग की सच्चाई सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है।

 
विज्ञापन

11 of 11
पुष्पा 2 - फोटो : अमर उजाला
'पुष्पा 2' पर कंट्रोवर्सी 
'पुष्पा 2' फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म जमकर कमा रही है। मगर, इस फिल्म पर विवाद भी काफी हुआ। दरअसल, फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया गया। 4 दिसंबर को हैदराबाद स्थित संध्या थिएटर में फिल्म के प्रीमियर के दौरान अल्लू अर्जुन और रश्मिका पहुंचे। उन्हें देखने के लिए अचानक भगदड़ मची, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में हैदराबाद पुलिस ने 13 दिसंबर को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया। हालांकि, 14 दिसंबर को अभिनेता को जेल से रिहा कर दिया गया। एक्टर की गिरफ्तारी पर मृतक महिला के पति ने कहा कि अर्जुन की कोई गलती नहीं है और वह मामला वापस लेने को तैयार हैं।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें