बॉलीवुड की हालिया तस्वीर देखी जाए तो 'भूल भुलैया 2' को छोड़कर ज्यादातर फिल्मों का बंटाधार होता दिखा। कुछ फिल्में तो ऐसी रहीं, जिन्हें दर्शक मिलने मुश्किल हो गए और स्क्रीन्स घटाने के साथ शोज तक कैंसल करने पड़े। इससे कलाकारों को तो झटका लगा ही, साथ ही मेकर्स की ब्रांड वैल्यू पर भी बट्टा लगा है। बॉक्स ऑफिस पर खुद को बचाने की जद्दोजहद में बड़े बैनर्स भी पैसा लगाने में पीछे नहीं हट रहे हैं। वहीं, लेखक लीक से हटकर कुछ अलग दिखाने की कोशिश भी कर रहे हैं, लेकिन कभी कलाकारों का खराब अभिनय तो कभी कमजोर, संवाद और कहानी कमजोर कड़ी साबित हो रही है। 2021 से लेकर अब तक बॉलीवुड के सबसे बड़े बैनर्स में से एक यशराज फिल्म्स की कई फिल्में एक के बाद एक फ्लॉप हुई हैं। बड़े कलाकार भी इन्हें बचा पाने में असमर्थ दिखे। फिलहाल यशराज फिल्म्स की साख बचाने की जिम्मेदारी रणबीर कपूर के कंधों पर दिखाई दे रही है।