जो खबर ‘अमर उजाला’ ने आपको 18 जून को दे दी थी, वह खबर फिल्म निर्माता और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने गुरुवार को सुनाई है। ये खबर है ऋतिक रोशन की हवाई एक्शन फिल्म ‘फाइटर’ के लिए उनके वायकॉम18 स्टूडियोज के साथ हाथ मिलाने की। फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है। इसकी हीरोइन दीपिका पादुकोण हैं। ऋतिक रोशन के साथ इससे पहले सिद्धार्थ आनंद फिल्म ‘वॉर’ बना चुके हैं। फिल्म ‘फाइटर’ एक अंतर्राष्ट्रीय फिल्म की तरह बनने जा रही है और इसके लिए वायकॉम18 स्टूडियोज ने फिल्म मेकिंग की लेटेस्ट तकनीक और फिल्म मेकिंग प्रणाली इस्तेमाल करने का फैसला किया है। फिल्म दुनिया की तमाम अलग अलग लोकेशंस पर शूट की जाएगी, हालांकि कहानी का मूल आधार भारत ही रहेगा। फिल्म ‘फाइटर’ भारतीय सेना के साहस, बलिदान और देशभक्ति के प्रति समर्पित फिल्म बताई गई है।