द इंटनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड्स यानी आइफा अवार्ड्स की रौनक फिर से लौट रही है। 22वें आइफा अवार्ड्स फिर से विदश घूमने के लिए सितारों को मना चुके हैं। सलमान खान इन पुरस्कारों के मेजबान होंगे। नाच गाना करने के लिए देवी श्री प्रसाद उर्फ डीएसपी से लेकर वरुण धवन, अनन्या पांडे जैसे सितारे हां कह चुके हैं। टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के करीब समंदर की खाड़ी में मानव श्रम से बना एक कृत्रिम द्वीप भारतीय सिनेमा के इस सबसे बड़े मेले की मेजबानी के लिए तैयार हो रहा है। आइफा अवार्ड्स के लिए यस आइलैंड पहुंचने वालों के लिए इस बार काफी कुछ खास है। संयुक्त अरब अमीरात की सरकार ने यस आइलैंड को एक ऐसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया है जहां आने के बाद शायद ही किसी दूसरी जगह छुट्टियां बिताने का आपका मन करे। इस द्वीप पर आपके बजट के हिसाब से दुनिया के बेहतरीन 10 होटल हैं, शानदार मनोरंजन पार्क हैं, रफ्तार का रोमांच है और ऊंचाई का आनंद है। इस द्वीप पर स्थित डबल्यू होटल दुनिया का इकलौता ऐसा होटल है, फॉर्मूला वन रेस ट्रैक जिसके भीतर से होकर गुजरता है। आइफा अवार्ड्स से पहले ‘अमर उजाला’ ने यस आइलैंड की तैयारियों का जायजा लिया और देखा कि आखिर क्यों यस है खास!