फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tusshar Kapoor B'day: जब तुषार कपूर ने की ऑस्कर छोड़ने की बात, सोलो हिट के इंतजार में करने लगे फिल्म निर्माण

Wed, 20 Nov 2024 12:19 PM IST
रुपाली रामा जायसवाल एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

जब तुषार कपूर ने की ऑस्कर छोड़ने की बात, सोलो हिट के इंतजार में करने लगे फिल्म निर्माण 
विज्ञापन
1 of 5
तुषार कपूर - फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड के मशहूर स्टारकिड तुषार कपूर 20 नवंबर, 2024 को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। जीतेंद्र के बेटे और एकता कपूर के भाई तुषार ने करियर की शुरुआत साल 2001 की फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से की। इस मूवी में करीना कपूर खान उनके अपोजिट नजर आईं। पहली ही फिल्म के लिए तुषार कपूर को बेस्ट मेल डेब्यू एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। इसके बाद तुषार ने 'क्या दिल ने कहा', 'ये दिल', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'कुछ तो है' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, नतीजा उम्मीद के एकदम उलट निकला। ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुईं। साल 2006 में तुषार ने रोहित शेट्टी की फिल्म 'गोलमाल' में काम किया। ये फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म के दोनों सीक्वल में भी तुषार ने काम किया। हालांकि, इसके बाद अभिनेता पर्दे से गायब हो गए। आज तक सोलो हिट के लिए तरस रहे तुषार ने एक दफा ऑस्कर नॉमिनेशन को ठुकराने की बात कहकर सबको हैरान कर दिया था। आइए उनके जन्मदिन के खास अवसर पर उनके जीवन और करियर से जुड़े कुछ अहम पहलुओं पर गौर फरमा लेते हैं-
विज्ञापन

2 of 5
तुषार कपूर - फोटो : इंस्टाग्राम @tusshark89

'द डर्टी पिक्चर' से किया कमबैक     

कुछ वक्त तक पर्दे से गायब रहने के बाद तुषार कपूर ने साल 2011 की फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' से कमबैक किया। इस फिल्म में उन्होंने छोटा सा रोल अदा किया था। इस बीच ‘खाकी’, ‘शूट आउट एट वडाला’ जैसी सफल मल्टी स्टारर फिल्मों में भी तुषार के काम की तारीफ की गई। इसके बावजूद तुषार को हमेशा एक सोलो हिट की दरकार रही। ऐसा ना होने के चलते तुषार इंडस्ट्री में अपने पैर नहीं जमा पाए।
विज्ञापन

3 of 5
तुषार कपूर - फोटो : इंस्टाग्राम@tusshark89

एडल्ट कॉमेडी से भी नहीं बनी बात 

तुषार कपूर ने फिल्म 'क्या कूल हैं हम' और 'मस्तीजादे' में काम किया। ये दोनों ही एडल्ट कॉमेडी फिल्म थीं। इसके सीक्वल में भी तुषार ने ही काम किया। लेकिन दोनों फिल्म उतनी नहीं चल पाईं जितनी उम्मीद की जा रही थी। सोलो फिल्में ना मिलने के कारण तुषार अभी भी इंडस्ट्री में संघर्ष ही कर रहे हैं। इसके बाद साल 2016 में तुषार कपूर के पिता बनने की खबर से इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी। तुषार ने अभी तक शादी नहीं की है लेकिन वो एक बेटे के सिंगल पिता हैं। तुषार ने इसके लिए विट्रो फर्टीलाइजेशन का सहारा लिया। तुषार ने अपने बेटे का नाम ‘लक्ष्य’ रखा है।

4 of 5
तुषार कपूर - फोटो : इंस्टाग्राम @tusshark89

बतौर अभिनेता फेल हुए तो बन गए निर्माता

फिल्मों में बतौर अभिनेता एक बड़ी उपलब्धि न हासिल कर सकने वाले तुषार कपूर ने आगे चलकर फिल्म निर्माता बनने की ठानी। तुषार ने अक्षय कुमार की फिल्म 'लक्ष्मी' को प्रोड्यूस किया। वहीं, तुषार से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी खूब सुर्खियों में रहा है। एक दफा अभिनेता ने अंतर्राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड ऑस्कर को ठुकराने की बात कहकर सबको चौंका दिया था। दरअसल, तुषार ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ऑस्कर के लिए नॉमिनेट होना बेहद काल्पनिक है। भले ही हर किसी को ऑस्कर पाने की चाह है, लेकिन मुझे इस अवॉर्ड को जल्दी जीतने की कोई इच्छा नहीं है। अभिनेता ने साफ किया था कि इसके बजाए वह 'शोले' या 'मुगल ए आजम' जैसी फिल्मों का हिस्सा बनना पसंद करेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
तुषार कपूर - फोटो : इंस्टाग्राम @tusshark89

लग्जरी लाइफस्टाइल जीते हैं तुषार कपूर 

तुषार कपूर बतौर अभिनेता भले ही उतने सफल न हो सके लेकिन उनकी लाइफ स्टाइल किसी बड़े सुपरस्टार से कम नहीं है। फिल्मी परिवार से आने वाले तुषार कपूर की कमाई करोड़ों में है। तुषार आलीशान घर में रहते हैं। उनके पास गाड़ियों का जबर्दस्त कलेक्शन है। उनकी संपत्ति भी करोड़ों में है। रिपोर्ट्स की मानें तो, तुषार कपूर की नेटवर्थ करीब 37 करोड़ रुपए है। बात करें तुषार कपूर के कार कलेक्शन की तो वह महंगी गाड़ियों के शौकीन हैं। तुषार कपूर के पास पोर्शे काइएन, ऑडी क्यू 7 और बीएमडब्ल्यू हैं। ये सभी कार तुषार ने अपनी इनकम से खरीदी हैं। तुषार का परिवार मुंबई के पॉश इलाके जुहू में रहता है। जहां कई बॉलीवुड सेलेब्स रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके बंगले की कीमत करीब 200 करोड़ रुपये है। हालांकि इस बंगले में उनका परिवार रहता है, जबकि तुषार जुहु में ही एक अलग अपार्टमेंट में रहते हैं। इसके अलावा तुषार की कई और प्रॉपर्टीज हैं, जिनसे वह 10 लाख रुपये महीना कमा लेते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें