Yudh
- फोटो : amar ujala mumbai
युद्ध की शूटिंग जब शुरू हुई तो जैकी श्रॉफ की बतौर हीरो पहली फिल्म हीरो रिलीज हो चुकी थी। अनिल कपूर इस लिहाज से जैकी श्रॉफ से थोड़ा सीनियर हैं कि उनकी फिल्में जैकी श्रॉफ की पहली फिल्म स्वामी दादा से भी पहले आने लगी थीं। निर्देशक बापू की हिंदी फिल्म हम पांच में वह साल 1980 में ही दिख चुके थे। बतौर हीरो उनकी पहली फिल्म वंश वृक्षम (तेलुगू) भी रिलीज हो चुकी थी। हां, दोनों को देश के घर घर में पहचान दिलाने वाली फिल्में हीरो और वो सात दिन जरूर एक ही साल 1983 में रिलीज हुईं। हीरो का जय किशन उर्फ जैकी दादा सबको खूब भाया तो वो सात दिन के प्रेम प्रताप पटियालावाले ने अपने भोलेपन से लोगों का दिल जीत लिया। दोनों ने एक साथ पहली बार 1984 में रिलीज हुई फिल्म अंदर बाहर में एक साथ काम किया। मुन मुन सेन के साथ मिलकर दोनों ने इस फिल्म में ऐसा धमाल मचाया कि दोनों की जोड़ी की गिनती सबसे कमाल जोड़ी के रूप में होनी लगी। युद्ध दोनों की एक साथ बनी दूसरी फिल्म थी।
जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर ने अंदर बाहर और युद्ध के बाद आगे चलकर कर्मा, काला बाजार, परिंदा, राम लखन, रूप की रानी चोरों का राजा, 1942 ए लव स्टोरी, त्रिमूर्ति, कभी हां कभी ना, लज्जा और शूट आउट एड वडाला में साथ काम किया है। ये बात कम लोगों को ही पता होगी कि अनिल कपूर असल जिंदगी में जैकी श्रॉफ से बड़े हैं। लेकिन, जब भी फिल्मों में दोनों भाई बने, अनिल कपूर ने हमेशा छोटे भाई का ही रोल किया है। दोनों के बीच कोई 38 दिनों की छोटाई बड़ाई है। फिल्म अंदर बाहर की ही तरह फिल्म युद्ध में भी जैकी श्रॉफ ने पुलिस इंस्पेक्टर का रोल किया और अनिल कपूर बने क्रिमिनल। हालांकि युद्ध में अनिल कपूर का डबल रोल है। एक कानून के इस तरफ तो दूसरा कानून के उस तरफ। फिल्म का सस्पेंस भी इसी से आता है।