रणबीर कपूर-प्रियंका चोपड़ा
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्में चलीं, लेकिन सिर्फ प्रियंका के कंधों पर नहीं
प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में अपने लिए अलग मुकाम बनाया है, इसमें कोई दोराय नहीं। कई फिल्मों में उन्होंने शानदार एक्टिंग की है। वह चली भी हैं। मगर सिर्फ प्रियंका की वजह से चली हैं, यह नहीं कहा जा सकता है। उनकी कई हिट फिल्में ऐसी हैं, जिनमें उन्हीं के समकक्ष कोई अभिनेत्री रही है या ए लिस्टर अभिनेता। वर्ष 2012 में आई फिल्म 'बर्फी' में प्रियंका ने दमदार एक्टिंग की। फिल्म हिट रही। लेकिन यह नहीं कहा जा सकता है कि यह फिल्म पूरी तरह से प्रियंका के कंधों पर थी। इस फिल्म में रणबीर कपूर का किरदार भी काफी अहम था और एक्टिंग भी। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर कुल 112.15 करोड़ रुपये की कमाई करने में कामयाब रही थी। वर्ष 2008 में फिल्म 'फैशन' में प्रियंका ने मेघना माथुर नाम की मॉडल का किरदार अदा किया, जो एक छोटे शहर से आती है। 18 करोड़ रुपये के बजट से बनी इस फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर कुल 26.46 करोड़ रुपये की कमाई की थी। बॉक्स-ऑफिस पर यह फिल्म औसत रही थी। मगर इस फिल्म में कंगना रणौत की एक्टिंग भी दमदार रही। वर्ष 2015 में आई फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' भी सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 184.2 करोड़ कमाए थे। इस फिल्म में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की एक्टिंग भी दमदार थी। इसी तरह फिल्म 'दिल धड़कने दो', 'गुंडे', 'कृष 3' (ब्लॉकब्सटर), 'अग्निपथ', 'मुझसे शादी करोगी' फिल्में भी चलीं, लेकिन यह कहना गलत होगा कि ये प्रियंका के कंधों पर रहीं।