फिल्म ‘दिल’, ‘बेटा’, ‘राजा’ और ‘इश्क’ जैसी लगातार चार हिट फिल्मों से अपनी निर्देशन यात्रा शुरू करने वाले निर्माता, निर्देशक इंद्र कुमार इस बात का जिक्र चलने पर खूब खुश होते हैं और कहते हैं कि कि उनका ये रिकॉर्ड सिर्फ निर्देशक राजकुमार हिरानी बेहतर कर पाए, जिनकी पांच फिल्में लगातार हिट रहीं। मुंबई के पांच सितारा होटल सन एंड सैंड में मुलाकात होने पर इंद्र कुमार कहीं से इस बात को लेकर परेशान नहीं दिखते कि उनकी फिल्म पर सोशल मीडिया में सवाल उठाए जा रहे हैं। वह साफ कहते हैं, ‘अगर हमसे कोई गलती हो भी गई है तो हम उसमें सुधार करने को तैयार हैं। लेकिन, मैं अपनी फिल्म ‘थैंक गॉड’ में चित्रगुप्त के सूट बूट में दिखने पर एतराज करने वालों से सिर्फ यही पूछना चाहता हूं कि फिल्म ‘ओ माय गॉड’ में अक्षय कुमार के पैंट शर्ट पहनकर कन्हैया बनने पर उन्होंने एतराज किया था क्या?’