फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahesh Babu: महेश बाबू का एलान, ‘जिसको हिंदी में देखना हो डब करके देख ले, मैं सिर्फ तेलुगू में फिल्में बनाऊंगा’

विज्ञापन
1 of 6
मेजर ट्रेलर लॉन्च - फोटो : अमर उजाला, हैदराबाद
महेश बाबू का थिएटर। महेश बाबू की प्रोडक्शन कंपनी। महेश बाबू के फैंस और महेश बाबू की बतौर निर्माता पहली हिंदी फिल्म ‘मेजर’। अभिनेता अदिवि शेष की हिंदी और तेलुगू में बनी फिल्म ‘मेजर’ के यहां हैदराबाद में हुए ट्रेलर लॉन्च के मौके पर तेलुगू फिल्मों के अभिनेता महेश बाबू के जलवे हर तरफ नजर आए। महेश बाबू ने इसका पूरा आनंद भी लिया। पूरे समारोह में और उसके बाद अलग से हुए प्रेस कांफ्रेंस में भी वह या तो तेलुगू में बोले या अंग्रेजी में। हिंदी का एक भी शब्द उनके मुंह से नहीं निकला। पूछा गया कि हिंदीभाषी दर्शकों के लिए बतौर निर्माता तो उन्होंने फिल्म बना ली, अब बतौर अभिनेता वह पहली हिंदी फिल्म कब बनाएंगे, तेलुगू में जवाब आया कि फिल्में तो वह तेलुगू में ही करेंगे, हिंदी वाले चाहें तो उसे डब करके देख लें। एक और सवाल के जवाब में उन्होंने यहां तक कहा कि हिंदी सिनेमा बनाने वालों के भीतर उनसे काम करवा पाने की कूवत नहीं है। गौरतलब है कि तेलुगू में हिट होने के बाद विजय देवराकोंडा अपनी पहली हिंदी फिल्म पूरी कर चुके हैं। अभिनेता राम चरण के भी संजय लीला भंसाली के साथ हिंदी फिल्म करने की खबरें आती रही हैं।
विज्ञापन

2 of 6
मेजर ट्रेलर लॉन्च - फोटो : अमर उजाला, हैदराबाद
असली रौनक रहे महेश बाबू
महेश बाबू का हैदराबाद में उनकी फिल्म प्रोडक्शन कंपनी की फिल्म ‘मेजर’ का ट्रेलर लॉन्च उनके ही मल्टीप्लेक्स में हुआ। हैदराबाद के अलावा बेंगलुरू, मुंबई और दिल्ली व अन्य शहरों से पत्रकारों को उनका जलवा देखने के लिए बुलाया गया। जैसा कि हैदराबाद की परंपरा है, यहां के सितारों के कार्यक्रम में उनके फैंस भर भर कर बुलाए जाते हैं। वे चीखते हैं, चिल्लाते हैं और ये जाहिर करने की कोशिश करते हैं कि उनके पसंदीदा सितारे जैसा दूसरा सितारा कोई नहीं। फिल्म ‘मेजर’ के ट्रेलर रिलीज पर भी यही हुआ। अदिवि शेष ने फिल्म में शहीद संदीप उन्नीकृष्णन का रोल निभाने से लेकर इस फिल्म को बनाने के लिए संदीप के माता पिता की अनुमति लेने तक के किस्से सुनाए। साई मांजरेकर ने इसे अपने लिए अहम मौका बताया। फिल्म के निर्माता निर्देशक ने भी फिल्म की खूब बड़ाई की। लेकिन, इस शाम की असल रौनक रहे महेश बाबू।
विज्ञापन

3 of 6
मेजर ट्रेलर लॉन्च - फोटो : अमर उजाला, हैदराबाद
हिंदी का एक शब्द नहीं बोले महेश बाबू
महेश बाबू ने पहले स्थानीय पत्रकारों से थिएटर में बात की। फिर मुंबई, दिल्ली से आए ‘हिंदी’ पत्रकारों के लिए अलग से सवाल जवाब का सत्र रखा गया, लेकिन उनके फैंस वहां भी घुस आए और लगातार शोर मचाते रहे। हैरत की बात ये रही कि हिंदी पत्रकारों के लिए अलग से रखी गई इस प्रेस कांफ्रेंस में भी महेश बाबू हिंदी का एक शब्द नहीं बोले। उनसे हिंदी सिनेमा को लेकर उनसे बार बार सवाल हुए। वह सलमान खान को अपनी पत्नी नम्रता शिरोडकर का मित्र बताते रहे और कहा कि उन्होंने सलमान को ‘मेजर’ का हिंदी ट्रेलर रिलीज करने के लिए तैयार किया। बाद में इसमें अदिवि शेष का नाम भी जुड़ा। सलमान खान ने महेश बाबू की फिल्म ‘पोक्किरी’ के हिंदी रीमेक ‘वांटेड’ से अपनी सेकंड इनिंग्स को कभी मजबूती दी थी।

4 of 6
मेजर ट्रेलर लॉन्च - फोटो : अमर उजाला, हैदराबाद
किसी कलाकार पर कोई पाबंदी नहीं
महेश बाबू को लेकर हाल ही में खबरें ये उड़ीं कि उन्होंने एस एस राजामौली के साथ प्रस्तावित अपनी अगली फिल्म में किसी हिंदी फिल्म की हीरोइन को लेने से मना कर दिया है। इस बारे में सवाल होने पर वह कहते हैं, ‘किसी के लिए भी तेलुगू सिनेमा में रोक नहीं है। जिसको आना है वह आए और काम करे। हमारे दरवाजे सबके लिए खुले हैं।’ लेकिन वह हिंदी फिल्म नहीं करेंगे, ये उनका पक्का फैसला है। महेश बाबू कहते है, ‘मैं सिर्फ तेलुगू सिनेमा करूंगा। हिंदी में इसे डब करके रिलीज कर लो। मैं पिछले 10 साल से कहता आ रहा हूं कि तेलुगू सिनेमा को पूरे देश में रिलीज किया जाना चाहिए। और, मेरी बात अब सच साबित हो रही है। लोगों ने बता दिया कि वह तेलुगू सिनेमा को पूरे देश में पसंद करते हैं।’
विज्ञापन

5 of 6
मेजर ट्रेलर लॉन्च - फोटो : अमर उजाला, हैदराबाद
‘बॉलीवुड कान्ट अफोर्ड मी’
उनके इस पुराने बयान पर जब उनकी राय पूछी गई कि वह पैन इंडिया स्टार कहलाने की बजाय तेलुगू सुपरस्टार कहलाना ज्यादा पसंद करते हैं, महेश बाबू ने अपने बयान में इस बार थोड़ा सुधार किया। उन्होंने कहा, ‘मैंने ये कभी नहीं कहा कि मैं पैन इंडिया स्टार वाली या पूरे देश में पसंद की जाने वाली फिल्में नहीं करूंगा। मेरा तब भी यही कहना था और आज भी यही कहना है कि मैं सिर्फ तेलुगू फिल्में करूंगा। बॉलीवुड सिनेमा मैं नहीं करूंगा। बॉलीवुड सिनेमा के बस का भी नहीं है कि वे मेरे साथ फिल्में कर सकें (बॉलीवुड कान्ट अफोर्ड मी)।’
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
महेश बाबू - फोटो : Instagram
गुरुवार को रिलीज होगी नई फिल्म
मशहूर अभिनेता कृष्णा के बेटे और अभिनेता रमेश बाबू के छोटे भाई महेश बाबू का पूरा नाम घट्टामनेनी महेश बाबू है। नानी के पास उनका बचपन बीता और अधिकतर समय वह चेन्नई में ही रहे। बहुत चुनिंदा फिल्मों में काम करने वाले महेश बाबू का नाम उत्तर भारतीय दर्शकों के बीच तब चर्चा में आया, जब उनकी सुपरहिट फिल्म ‘पोकिरी’ को सलमान खान ने हिंदी में ‘वांटेड’ के नाम से बनाया। 46 साल के हो चुके महेश बाबू की खासियत ये है कि तमाम निर्देशकों के कहने के बाद भी उन्होंने कभी ‘पैन इंडिया स्टार’ बनने के लिए अतिरिक्त कोशिशें करने को हां नहीं की। वह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अपने प्रशंसकों के बीच ही खुश रहना चाहते हैं। उनकी अगली फिल्म ‘सरकारु वारी पाटा’ गुरुवार को रिलीज हो रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें