बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू फिल्मी दुनिया में भी अपनी पकड़ मजबूत कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2010 में राघवेंद्र राव द्वारा निर्देशित तेलुगू फिल्म झुम्माण्डि नादां से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। जबकि 'चश्मे बद्दूर' से बॉलीवुड डेब्यू किया। हाल ही में तापसी ने खुलासा किया कि 'चश्मे बद्दूर' के लिए उन्होंने कोई ऑडिशन नहीं दिया था।
तापसी ने कहा, फिल्मों में काम करने को लेकर मेरी कोई ट्रेनिंग नहीं हुई है। मैंने सब सेट पर रहकर ही सीखा है। मैं एक ऐसी लड़की थी, जो प्रीति जिंटा की तरह लगती थी। शायद इसी वजह से मुझे बॉलीवुड में ब्रेक मिल गया। उन्होंने कहा, ऊपरवाले का शुक्र है मुझे अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म 'चश्मे बद्दूर' के लिए ऑडिशन नहीं देना पड़ा। अगर मैंने गलती से भी ऑडिशन दिया होता तो मैं बुरी तरह फेल हो जाती। 'चश्मे बद्दूर' में तापसी पन्नू, अली जफर, दिव्येंदू शर्मा, सिद्धार्थ नारायण, ऋषि कपूर और अनुपम खेर नजर आए थे। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तापसी अपने अभिनय का लोहा मनवाने में कामयाब रहीं।