सुशांत सिंह राजपूत केस में नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) अब ड्रग एंगल को लेकर ये पता लगाने की कोशिश करेगा कि कहीं विदेश या अन्य राज्यों से इसका संबंध तो नहीं है। एनसीबी से जुड़े एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी मामले में एक 'बड़े नाम' की तलाश में है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में एनसीबी ड्रग एंगल को लेकर एनडीपीएस कानून की आपराधिक धाराओं के तहत जांच कर रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में उसके साथ एक रिपोर्ट साझा की थी।
दक्षिण मुंबई स्थित एनसीबी के बल्लार्ड एस्टेट कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों का एक दूसरे से सामना कराया जाएगा ताकि उनकी भूमिकाएं स्पष्ट हो सकें। उन्होंने कहा कि आरोपियों शौविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा को एनसीबी की हिरासत में भेजा गया है।
एनसीबी अधिकारी ने कहा कि अगर कोई नया नाम आता है तो एनसीबी उसे जांच में शामिल होने के लिए तलब करेगी। उन्होंने कहा कि ‘हम इस जांच को अंतिम नतीजे तक ले जाएंगे।’ बता दें कि इस मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए रिया के भाई शौविक और सुशांत के हाउस मैनेजर रहे मिरांडा को यहां एक अदालत ने नौ सितंबर तक एनसीबी की हिरासत में भेज दिया।
शौविक और मिरांडा के अलावा एनसीबी ने जैद विलात्रा (21) और आब्देल बासित परिहार (23) को भी गिरफ्तार किया है। वे इस समय जांच एजेंसी की हिरासत में हैं। आज शौविक और मिरांडा के अलावा एक अन्य आरोपी कैजान इब्राहिम को भी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने कैजान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी ने उसकी रिमांड की मांग नहीं की थी।