राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का मुंबई में निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार 75 वर्ष की आयु में कार्डियक अरेस्ट के चलते उन्होंने आखिरी सांस ली। सुरेखा सीकरी को यह अवॉर्ड 'बधाई हो' (Badhaai Ho) फिल्म के लिए मिला है। इस फिल्म में सुरेखा ने दादी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में न केवल सुरेखा के डायलॉग जबरदस्त थे बल्कि उनकी एक्टिंग का भी कोई तोड़ नहीं था। सीकरी ने ‘तमस’, ‘मम्मो’, ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’, ‘ज़ुबेदा’, ‘बधाई हो’ जैसी फिल्में की हैं और धारावाहिक ‘बालिका वधू’ में निभाए उनके ‘दादी सा’ के किरदार को भी काफी लोक्रपियता मिली थी। मशहूर सीरियल बालिका वधू में दादी सा की भूमिका निभाने वाली सुरेखा के निधन से हिंदी टीवी जगत में शोक की लहर है। सुरेखा सीकरी के निधन से फ़िल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचा है। तमाम सेलेब्रिटीज़ उन्हें याद करके श्रद्धांजलि दे रहे हैं।