93वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर्स की एलिजिबल लिस्ट का खुलासा हो चुका है। इसके साथ ही सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद गौरवान्वित कर देने वाली खबर सामने आई है। तमिल सुपरस्टार सूर्या की फिल्म 'सोरारई पोटरु' ऑस्कर की रेस में शामिल हो गई है। इस लिस्ट में फिल्म के अभिनेता सूर्या शिवकुमार और अभिनेत्री अपर्णा बालामुरली का नाम सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की लिस्ट में भी शामिल किया गया है।
इस खबर के सामने आते ही सूर्या और अपर्णा के फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं। सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि फिल्म के मेकर्स भी इस खबर से बेहद खुश हैं। सुधा कोंगरा की इस फिल्म की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ ऑरिजनल स्कोर और अन्य श्रेणियों में जनरल श्रेणी के तहत ऑस्कर में शामिल किया गया है। कैप्टन गोपीनाथ के जीवन पर आधारित ये फिल्म अब पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करने को तैयार है।
बता दें कि ये फिल्म साल 2020 की गर्मियो में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसकी रिलीज डेट टाल दी गई थी। इसके बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर रिलीज किया गया। इस फिल्म को गुनीत मोंगा और सूर्या ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
फिल्म के अभिनेता सूर्या दक्षिण सिनेमा का बड़ा नाम हैं। वो नंदा, तमिल फिल्म गजनी, सिंघम संग कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इतना ही नहीं सूर्या बॉलीवुड फिल्म 'रक्त चरित्र' में भी नजर आ चुके हैं। उनकी फैन फॉलोइंग काफी ज्यादा है। बात करें अभिनेत्री अपर्णा बालामुरली की तो वो मलयालम और तमिल सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं। फैंस सिर्फ उनकी अदायगी और खूबसूरती ही नहीं बल्कि उनकी गायिकी के भी दीवाने हैं। इससे पहले उन्होंने फिल्म 'संडे हॉलीडे' में भी काम किया था। 'सोरारई पोटरु' में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया।