इस साल दशहरा पर रिलीज होने के लिए करीब करीब पूरी तरह तैयार हो चुकी निर्देशक एस एस राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘आरआरआर’ अब इस साल दशहरा पर रिलीज नहीं होगी। कोरोना की दूसरी लहर के बाद खुले सिनेमाघरों में रिलीज हुई पहली हिंदी फिल्म ‘बेलबॉटम’ के उम्मीद से काफी कम कलेक्शन को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज अगले साल के लिए टाल दी है। तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम के अलावा हिंदी में भी रिलीज के लिए तैयार हुई इस फिल्म की रिलीज 13 अक्टूबर को किए जाने का एलान इसके मेकर्स ने साल की शुरूआत में ही किया था। लेकिन, अब लगता है कि इस फिल्म का इंतजार दर्शकों को अगले साल तक करना पड़ेगा।