14 साल पहले फिल्म ‘जन्नत’ से बड़े परदे पर डेब्यू करने वाली बुलंदशहर से मुंबई पहुंची अभिनेत्री सोनल चौहान को प्रभास, सनी सिंह, सैफ अली खान और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ में भी एक छोटा सा रोल मिला है। फिल्म की शूटिंग कब की खत्म हो चुकी है और अब जाकर सोनल की टीम को याद आया है कि ये छोटा रोल भी सोनल के लिए बड़ी बात हो सकती है। तो, मंगलवार को उनकी टीम ने बताया, ‘सोनल चौहान शामिल हुईं प्रभास और सैफ अली खान स्टारर आदि पुरुष की स्टारकास्ट में’। जाहिर सी बात है कि सोनल इस फिल्म में महीनों पहले शामिल हो चुकी हैं क्योंकि फिल्म की शूटिंग खत्म हुए भी अरसा बीत चुका है। ऐसे में रामनवमी के दिन फिल्म के निर्देशक ओम राउत के इंटरव्यू की चर्चा हर तरफ होने के बाद से सोनल को फिर से लाइमलाइट में लाने की कोशिशें चल रही हैं।