फिल्म 'क्रेजी' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता और प्रोड्यूसर सोहम शाह ने फिल्म के किस्सों और नाम से जुड़ी कहानी बयां की है। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता होना आसान है प्रोड्यूसर होना बहुत मुश्किल है।
फिल्म 'क्रेजी' का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है। इस लॉन्च सेरेमनी में अभिनेता और प्रोड्यूसर सोहम शाह ने खुलकर बात की। उन्होंने फिल्म के नाम और उससे जुड़े कुछ किस्से भी साझा किए। उन्होंने बताया कि निर्देशक गिरीश कोहली से उन्होंने ऐसा सवाल किया, जिसका जवाब सुनकर वे भी चुप ही रह गए।
सोहम ने निर्देशक से पूछा ये सवाल
सोहम शाह ने फिल्म का एक किस्सा सुनाया। सोहम ने कहा कि फिल्म बनाते वक्त बीच में हमारे पास पैसे खत्म हो गए थे। हमने सोचा कि चलो इसमें किसी स्टार को ले आते हैं, उससे काम करवा लेंगे, फिर मैंने गिरीश को फोन किया, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया कि फिर हमने किसी स्टार को लाने के बारे में ही सोचना छोड़ दिया।
निर्देशक ने दिया सोहम को जवाब
दरअसल, इस पर गिरीश ने जवाब दिया कि सोहम मुझे एक अभिनेता के तौर पर आपके साथ ही काम करना है। प्रोड्यूसर होना तो वाकई बाद की बात है। इसके बाद सोहम ने फिल्म में किसी और अभिनेता को कास्ट करने की बात करना छोड़ दिया।
फिल्म शीर्षक के चुनाव पर बोले निर्देशक
फिल्म के टाइटल के बारे में सवाल किए जाने पर निर्देशक और लेखक गिरीश कोहली ने कहा कि किसी भी फिल्म का शीर्षक उसका सारांश होता है। एक ऐसा शब्द जो आप फिल्म देखने के बाद सोचते हैं। इसी तरह हम फिल्म का टाइटल चुनते हैं।
अभिनेता बनना आसान होता है
'क्रेजी' फिल्म को लेकर सोहम शाह ने कहा कि मुझे लगता है कि एक्टर का काम वाकई सबसे अच्छा और आसान काम है। लोगों को लगता है कि प्रोड्यूसर को कुछ आता ही नहीं होगा। इंडस्ट्री से प्रोड्यूसर को पूरी तरह से हटा ही दिया गया है। फिल्म को लेकर उनसे कोई बात ही नहीं की जाती है।
विशाल भारद्वाज ने दिया म्यूजिक
'क्रेजी' फिल्म के लेखक गिरीश कोहली हैं। इसे सोहम शाह, मुकेश शाह, अमिता सुरेश शाह और आदेश प्रसाद ने प्रोड्यूज किया है। फिल्म में गाने गुलजार ने लिखे हैं। म्यूजिक विशाल भारद्वाज ने दिया है। फिल्म 28 फरवरी 2025 को रिलीज होने वाली है।