फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sidharth Malhotra: फ्लॉप फिल्मों के सवाल पर बोले सिद्धार्थ, मैंने इनके निर्देशकों की क्षमता पर भरोसा किया

सार



 
विज्ञापन
1 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा हिंदी सिनेमा में कामबायी के 10 साल पूरे कर रहे हैं। इन दिनों वह ओटीटी पर रोहित शेट्टी के साथ ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ नाम की वेब सीरीज कर रहे हैं। अपने मेंटॉर करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के लिए फिल्म ‘योद्धा’ की शूटिंग जारी है और रश्मिका मंदाना के साथ बनी उनकी फिल्म ‘मिशन मजनू’ रिलीज की कतार में हैं। दिवाली पर वह निर्देशक इंद्र कुमार की फिल्म ‘थैंक गॉड’ में अभिनेता अजय देवगन के साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को लेकर सिद्धार्थ मल्होत्रा से ‘अमर उजाला’ के सलाहकार संपादक पंकज शुक्ल की ये खास मुलाकात हुई। आइए शुरू करते हैं सवालों और जवाबों का सिलसिला...
विज्ञापन

2 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
थैंक गॉड’ इन दो शब्दों का आपके लिए क्या मायने हैं? और, कितना इनका प्रयोग करते हैं इनका अपने दैनिक जीवन में?
मैं तो बहुत करता हूं। जो भी मिला हमको जीवन में, उसके लिए हमें हमेशा शुक्रगुजार होना चाहिए। मेरे लिए तो ये दो शब्द ‘थैंक गॉड’ बहुत ही खास हैं। जो मेरी अब तक की यात्रा रही है और जो सपने लेकर मैं दिल्ली से आया था और जिन्हें मैं आज जी रहा हूं, उन सबके लिए मैं ईश्वर को धन्यवाद देता हूं। जीवन तो खैर उतार चढ़ाव भरा रहेगा ही, यही जीवन भी है लेकिन जहां से मैंने शुरुआत की थी, उससे बेहतर स्थिति में हूं, उसके लिए दिल से ‘थैंक गॉड’ हर दिन निकलता है।

Ali Fazal: दिव्येंदु नहीं अली फजल थे 'मुन्ना भैया' के लिए पहली पसंद, फिर कैसे हाथ लगा 'गुड्डू पंडित' का रोल?
 
विज्ञापन

3 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
आपकी पहली फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ 10 साल पहले अक्टूबर महीने में ही रिलीज हुई थी? अगले 10 साल के लिए क्या सपना देखा है?
जी बिल्कुल सही कह रहे हैं आप। इसी महीने मेरी पहली फिल्म रिलीज हुई थी। ये 10 साल का जो सफर रहा है, उसमें वाकई ईश्वर की बहुत कृपा रही। मेरी पिछली फिल्म ‘शेरशाह’ को लोगों ने इतना प्यार दिया। अब ये फिल्म ‘थैंक गॉड’ रिलीज होने जा रही है। अगले 10 साल में मुझे बहुत कुछ करना है। एक दौर था जब कलाकार एक दिन में दो-दो, तीन-तीन शिफ्ट में काम किया करते थे। सिनेमाघरों में एक ही समय में एक कलाकार की कई कई फिल्में लगी रहती थीं। अब हम हर फिल्म के लिए एक नया रूप धरते हैं, एक बार में एक ही फिल्म कर पाते हैं।  फिर भी मैं कोशिश करूंगा कि अगले 10 साल में खूब सारा काम करूं और खूब अच्छा काम करूं।

4 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
बात आपकी सिनेयात्रा के 10 साल की निकल ही पड़ी है तो मैं जानना चाहता हूं कि ये यात्रा शुरू करने से पहले आपके क्या सपने थे?
जी, सपने तो वाकई बहुत सारे थे और शुरू में ही ये सपने टूटे भी। 21-22 साल का था जब मुझे फिल्मों में पहला मौका मिला एडलैब्स और अनुभव सिन्हा की फिल्म में। दिल्ली में मेरा ऑडीशन हुआ। मुझे फिल्म के लिए साइन कर लिया गया। मैं मुंबई आ गया। आठ महीने तक इस फिल्म के लिए प्रशिक्षण लिया और फिर एक दिन मुझे बताया गया कि ये फिल्म अब नहीं बन रही है। मैंने सारे दोस्तों को, घरवालों को, रिश्तेदारों को सबको बता दिया था कि मेरी फिल्म शुरू होने जा रही है।

Faraaz: हंसल मेहता की फिल्म 'फराज' पर नहीं लगेगी रोक, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
 
विज्ञापन

5 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
और, इसके बावजूद आप यहां तक आ गए तो इसमें किसका योगदान सबसे ज्यादा मानते हैं?
कह सकते हैं कि उस पहले झटके के बाद ही मेरी असली संघर्ष यात्रा शुरू हुई। पहले घर ढूंढो, फिर ऑडीशन होने वाली जगहें ढूंढो। हर ऑडीशन के लिए 30-40 लोग तो आते ही हैं। सब एक से एक काबिल और धुरंधर लोग होते हैं और ऐसे ही मौके पर एक बात जो किसी एक को ये मौका दिला देती है, वह है किस्मत और इसके लिए हमें हमेशा ईश्वर का शुक्रगुजार होना चाहिए। मेरा यह पक्का भरोसा रहा है कि इंसान जैसे कर्म करता है, उसका फल उसे इसी जीवन में भुगतना ही होता है। आप जो भी करोगे, किसी दिन वह घूमकर आप तक आएगा जरूर। सच पूछिए तो मेरी तीसरी फिल्म ‘एक विलेन’ की कामयाबी को मैं ईश्वरीय चमत्कार ही मानता हूं। हममें से किसी को उम्मीद नहीं थी कि ये फिल्म इतनी बड़ी हिट साबित होगी।
विज्ञापन

6 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
कहते हैं कि चूंकि ईश्वर सब जगह नहीं हो सकता तो वह माता-पिता के रूप में हमें मिलता है। अपने माता-पिता की ऐसी कौन सी सीख है जिसके लिए आप हमेशा उनको और ईश्वर को धन्यवाद देते रहते हैं?
हर इंसान की जीवन में सबसे बड़ी ख्वाहिश होती है अमीर बनना। जो गरीब, मध्यमवर्ग परिवार से हैं उनकी तो ये तमन्ना होती ही है, अमीर भी और अमीर बनना चाहते हैं। मेरे माता-पिता ने मुंबई आते समय मुझे एक ही बात सिखाई और वह ये कि अमीर बनना है लेकिन गलत रास्ते पर चलकर नहीं। मुंबई ऐसा शहर है जिसे लोग मायानगरी कहते हैं, यहां बाहर से आने वालों के पैर डगमगाने की आशंका सबसे ज्यादा होती है। मुझे माता-पिता ने एक ही सीख दी जिसके लिए मैं हमेशा उन्हें मन ही मन धन्यवाद देता रहता हूं और वह है कि कामयाबी के लिए कभी शॉर्टकट मत पकड़ो।
विज्ञापन

7 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘थैंक गॉड’ में आप इंद्र कुमार जैसे अनुभवी निर्देशक के साथ फिल्म कर रहे हैं पर मैंने ये देखा है कि नए निर्देशकों के साथ आपका काम कमाल रहा है लेकिन स्थापित निर्देशकों के साथ कुछ न कुछ गड़बड़ हो जाती है जैसे राज और डीके की फिल्म ‘जेंटलमैन’..
...या नीरज पांडे सर के साथ ‘अय्यारी’! मुझे क्या लगता है कि एक कलाकार के तौर पर जितना भरोसा इन निर्देशकों ने मुझ पर किया, उतना ही भरोसा मैंने इन निर्देशकों पर भी किया। मैंने इनकी फिल्मों में कभी सवाल नहीं पूछे। वे कहते हैं ये सीन करना है, ऐसे करना है और एक्शन...! मैंने बस उनका अनुसरण किया। लेकिन, ये हिट फ्लॉप चलता रहता है। इसी से तो जीवन का ग्राफ बनता है, नहीं तो सब सीधी लाइन हो जाएगा।

8 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : सोशल मीडिया

अजय देवगन को काफी गंभीर अभिनेता माना जाता है। उनके साथ हास्य दृश्य करने में दिक्कत नहीं हुई?

मैं छोटा ही था जब मैंने निर्देशक इंद्र कुमार की फिल्म ‘इश्क’ देखी थी। इस फिल्म में आमिर सर और अजय सर के कॉमेडी दृश्य मुझे अब भी याद हैं। खासतौर से वह रस्सी पर चलकर एक इमारत से दूसरी इमारत जाने वाला दृश्य। इनकी हमने नकल भी खूब की है। फिल्म ‘थैंक गॉड’ में मुझे तो बस उनके संवादों पर प्रतिक्रिया ही देनी थी। असली कमान तो उनके ही हाथ में है। उनके अभिनय से मैंने बहुत कुछ सीखा है।

विज्ञापन

9 of 9
सिद्धार्थ मल्होत्रा - फोटो : सोशल मीडिया
सितारों के तो बहुत सारे प्रशंसक होते हैं, आप भी किसी के प्रशंसक हैं सिनेमा में?
जी हां, अमिताभ बच्चन! 80 साल की उम्र में भी वह जितने जोशीले हैं, जितने हंसमुख है और जितने ऊर्जावान हैं, हर शख्स उस उम्र में वैसा ही रहना चाहेगा। 50 साल से ऊपर से तो वह अभिनय कर रहे हैं। एक चैनल के कार्यक्रम में मैं उनसे कुछ दिन पहले मिला तो मैंने उनकी फिल्म ‘दीवार’ के पोस्टर पर उनका ऑटोग्राफ बिल्कुल किसी प्रशंसक की तरह ही उनसे लिया। ये ऑटोग्राफ आजीवन मेरी सबसे बड़ी अमानत रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें