गुजराती में है यह टाइटल
बता दें कि 'लास्ट फिल्म शो' का गुजराती में टाइटल 'छेल्लो शो' है। मूल रूप से गुजराती भाषा की इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर पिछले साल जून में ट्रिबेका फिल्म महोत्सव में ओपनिंग फिल्म के रूप में किया गया था। फिल्म ने स्पेन में 66वें वलाडोलिड फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीते। 'लास्ट फिल्म शो' सिद्धार्थ रॉय कपूर के रॉय कपूर फिल्म्स, जुगाड़ मोशन पिक्चर्स, मॉनसून फिल्म्स, छेल्लो शो एलएलपी और मार्क डुएल द्वारा निर्मित है।
उत्साहित हैं सिद्धार्थ रॉय कपूर
पान नलिन किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। वह 'सम्सरा', 'वैली ऑफ फ्लावर्स' और 'एंग्री इंडियन गॉडेसेज' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। 'लास्ट फिल्म शो' के जरिए उनके साथ जुड़कर सिद्धार्थ रॉय कपूर की खुशी का ठिकाना नहीं हैं। फिल्म को लेकर सिद्धार्थ रॉय कपूर का कहना है कि वह नलिन के साथ जुड़कर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, 'यह 'लास्ट फिल्म शो' को रिलीज करने का सही समय है, क्योंकि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसमें थ्रिल भी है और मैजिक भी है।
पान नलिन ने कही यह बात
बता दें कि यह फिल्म सौराष्ट्र के नौ वर्षीय एक लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे सिनेमा से प्यार है। पान नलिन भी सिद्धार्थ रॉय कपूर का साथ पाकर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि सिद्धार्थ रॉय कपूर के साथ साझेदारी करके वह भी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, 'फिल्म और एंटरटेनमेंट को लेकर सिद्धार्थ के अंदर अलग ही जुनून है। उनकी मदद से हम भारतीय दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश में हैं। गुजरात के अलावा पूरे देश में यह रिलीज होगी। उन्होंने कहा, 'मैं इस बात से भी उत्साहित हूं कि भारत में भी यह फिल्म उसी समय रिलीज होगी, जब यह यूएसए, इटली और जापान में रिलीज होगी।