sharaabi
- फोटो : social media
प्रकाश मेहरा और अमिताभ बच्चन के रिश्ते शराबी के बाद क्यों बिगड़े और क्यों अमिताभ बच्चन ने उन्हें और मनमोहन देसाई को आखिर तक नहीं बताया कि दोनों की फिल्में क्रमश: जादूगर और तूफान तकरीबन एक जैसी हैं, किसी को पता नहीं। और, अमिताभ बच्चन ने किसी को बताया भी नहीं। अमिताभ बच्चन के रिश्ते फिल्म शराबी के संवाद लेखक कादर खान के साथ भी काफी बिगड़े क्योंकि कादर खान कभी इस बात के लिए तैयार नहीं हुए कि वह अमिताभ बच्चन को ‘सर’ कहकर बुलाएं। कादर खान को फिल्म शराबी की कहानी प्रकाश मेहरा ने शूटिंग से चार महीने पहले दे दी थी। फिल्म का एक एक संवाद हिट रहा। अमिताभ बच्चन ने इनके लिए खूब तालियां बटोरीं। लेकिन, एक कहावत है कि इंसान कितना भी अच्छा क्यों न हो वह किसी न किसी की कहानी का विलेन हो ही जाता है। ये इंसानी स्वभाव है। वैसा ही जैसा इंसानी स्वभाव शराबी के हीरो विकी का है। वह अपने पिता के प्यार के लिए बचपन से तड़प रहा है। ये तड़प फिल्म के पहले ही सीन से दिख भी जाती है जब चार्टर्ड प्लेन से उतरा उसका पिता अपने कारोबारी साझेदार को अपने बेटे से ज्यादा तवज्जो देता है और अपने इंतजार में देर से एयरपोर्ट पर खड़े बेटे को लाड़ तक नहीं करता। फिल्म की कहानी खुद प्रकाश मेहरा ने लिखी थी और इसका विचार उन्हें आया था जमीन से कोई 35 हजार फुट ऊपर। हालांकि, ये भी सच है कि फिल्म शराबी बहुत कुछ अंग्रेजी फिल्म ऑर्थर से प्रेरित है। फिल्म शराबी के रिलीज होने के अगले ही साल कन्नड़ में भी इसी कहानी पर एक फिल्म बनी, थंडा कनिके। इस फिल्म में हीरो थे, विष्णुवर्धन। साल 2004 में रिलीज तुमसा नहीं देखा की कहानी भी बहुत कुछ ऐसी ही है।