शमशेरा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
देश के प्रमुख 40 शहरों से बुधवार शाम तक आए आंकड़ों के मुताबिक रणबीर कपूर, वाणी कपूर और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘शमशेरा’ की एडवांस बुकिंग दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सबसे तेजी से हो रही है। बुधवार शाम तक फिल्म की करीब 4.50 करोड़ रुपये की टिकटें एडवांस बुकिंग में बिकने की सूचना प्रारंभिक आंकड़ों के हिसाब से मिल रही है और इसमें सबसे ज्यादा हिस्सा दिल्ली एनसीआर का करीब 50 लाख रुपये का बताया जा रहा है। दूसरे नंबर पर मुंबई वितरण क्षेत्र है, जहां इसकी करीब 40 लाख रुपये की टिकटें बिकी हैं। टिकट बिक्री के मामले में आमतौर पर तीसरा नंबर अहमदाबाद या बेंगलुरू का होता है लेकिन फिल्म ‘शमशेरा’ की तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा टिकटें हैदराबाद में करीब 25 लाख रुपये की बिक चुकी हैं। ये फिल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में भी रिलीज हो रही है।