अपनी पिछली दो फिल्मों ‘पद्मावत’ और ‘कबीर सिंह’ से बड़े परदे पर दमदार वापसी कर चुके अभिनेता शाहिद कपूर अब अपने करियर की ये दूसरी पारी बहुत संभलकर खेल रहे हैं। निर्देशक जोड़ी राज और डीके के साथ बन रही उनकी वेब सीरीज का काम अपने नियत समय के हिसाब से पूरी गति में हैं। और, ये सीरीज खत्म होने के बाद उनके पास जो फिल्म शुरू करने के प्रस्ताव चर्चाओं के अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं, उनमें से एक अहम फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ ‘सुल्तान’ और ‘भारत’ के निर्देशक अली अब्बास जफर की भी है। अली अब्बास की साल की शुरुआत में रिलीज हुई सीरीज ‘तांडव’ ने डिजिटल जगत में खूब तहलका मचाया था। इसके बाद वह कैटरीना कैफ स्टारर अपनी फिल्म ‘सुपर सोल्जर’ शुरू करने वाले थे लेकिन कैटरीना के फिल्म ‘टाइगर 3’ में व्यस्त हो जाने के चलते अली अब्बास के पास कुछ महीनों का समय है और वह इस दौरान शाहिद कपूर के साथ एक एक्शन क्विकी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।