फिल्म ‘जीरो’ के बाद से ही बादशाह शाहरुख खान का बड़े परदे पर इंतजार कर रहे उनके चाहने वालों को रविवार के दिन बड़ा झटका लगा। उनकी अगली फिल्म ‘पठान’ अब साल 2021 में रिलीज नहीं होगी। पिछले तीन दिनों में जिस तरह एक के बाद एक नई फिल्मों की रिलीज डेट का एलान हुआ, उसमें निर्माणाधीन फिल्म ‘पठान’ के लिए कोई गुंजाइश नहीं बची है। लेकिन, शाहरुख के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी ये है कि अभिनेता निर्देशक आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री’ का काम पूरा हो चुका है और इसकी रिलीज डेट जल्द ही घोषित होने वाली है। शाहरुख का इस फिल्म में शुरू से लेकर आखिर तक काफी दमदार रोल है। देशभक्ति पर बनी ये इस साल की मेगा बजट हिंदी फिल्म होगी।