यशराज फिल्म्स में कोरोना वैक्सीन को लेकर शुरू हुए अभियान के साथ ही जिस पहली फिल्म की यूनिट को वैक्सीन की दूसरी डोज लगने के बाद सबसे पहले शूटिंग करने की हरी झंडी मिली है, वह है शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की फिल्म ‘पठान’। इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल और मई के महीनों में पहले यूरोप में होने वाली थी लेकिन कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए फिल्म की शूटिंग स्थगित कर दी गई। अब इस फिल्म की शूटिंग इस महीने के आखिरी हफ्ते में शुरू करने की तैयारी चल रही है।
यशराज फिल्म्स के कर्मचारियों को अभी फिलहाल काम करने के लिए दफ्तर नहीं बुलाया जा रहा है। ये इसके बावजूद कि कंपनी के सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है। इसका दूसरा डोज भी इन कर्मचारियों को लगने की तारीख तय हो चुकी है। पहली खेप में इन कर्मचारियों के साथ ही उन कलाकारों, तकनीशियनों और कामगारों को भी कोरोना के टीके लगा दिए गए हैं, जिन्हें सबसे पहले शूटिंग पर पहुंचना है।