अपनी अतीत की यादों के चलते मानसिक बीमारी से जूझ रहे एक पुलिस अफसर की गर्लफ्रेंड एकाएक गायब हो जाती है। उसे छुट्टी से वापस बुलाया जाता है और लौटकर उसे पता चलता है कि इस मामले का कनेक्शन एक दूसरे मामले से भी है जिसमें एक असरदार परिवार की किशोरी लापता है। शक की सुई इस पुलिस अफसर पर भी है और मामले की जांच जिस पुलिस अधिकारी के पास है, उससे इसकी पटती नहीं हैं। मामला दिनों दिन पेचीदा होता जाता है। शक की सुइयां एक के बाद एक तमाम लोगों की तरफ घूमती रहती हैं। दायरे में कभी पड़ोसी आते हैं तो कभी घर वाले। ये कहानी है कोरोना संक्रमण काल शुरू होने से ठीक पहले रिलीज हुई तेलुगू फिल्म ‘हिट द फर्स्ट केस’ की। ‘हिट’ का मतलब यहां होमीसाइड इन्वेस्टीगेशन टीम से है। इस हिट तेलुगू फिल्म का सीक्वल 29 जुलाई को रिलीज होने जा रहा है और इसमें हीरो बने हैं फिल्म ‘मेजर’ से हिंदी पट्टी में भी मशहूर हुए अभिनेता अदिवि शेष। और, फिल्म की हिंदी रीमेक 15 जुलाई को रिलीज होना प्रस्तावित है।