शाहिद कपूर को फिल्मी हीरो के तौर पर लोगों ने बहुत बाद में जाना, पहले उन्हें जाना म्यूजिक वीडियो ‘आंखों में तेरा ही चेहरा..’ के क्यूट ब्वॉय नेक्स्ट डोर के लिए। तब से शाहिद ने मनोरंजन जगत के घाट घाट का पानी पी डाला है। और, ऐसा ही कुछ हुआ इस गाने को बनाने वाले बैंड ‘आर्यन्स’ के साथ। इस बैंड के एक सदस्य डी जे नारायन, भारत सरकार के मुलाजिम रहे हैं। बैंड ने मिलकर बरसों पहले आखिरी गाना बनाया था, ‘कहता है दिल बार बार’...फिर डी जे नारायन अपनी नौकरी में व्यस्त हो गए। केंद्र में नई सरकार आई तो रुतबा भी बढ़ा औऱ जिम्मेदारी भी लेकिन, अब जब सब कुछ अपनी गति में आ चुका है। डी जे नारायन ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। वजह? जीवन का सुख उन्हें केंद्र सरकार की नौकरी से बेहतर संगीत की सेवा में महसूस होने लगा है। हालांकि, वह अब भी अपनी सरकारी सेवा को जनसेवा का बेहतरीन माध्यम मानते हैं और सरकार का शुक्रिया अदा करते हैं कि उसने उन्हें जनसेवा का इतना लंबा मौका दिया।