कौन हैं सारा के असली 'धुरंधर'?
सारा अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर अपनी कई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर कीं और साथ ही एक खास नोट लिखा। 'धुरंधर' की शानदार सफलता के बीच, सारा ने इंस्टाग्राम पर एक भावपूर्ण नोट लिखकर दर्शकों को अपार प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। सारा ने लिखा, 'मेरे सबसे बड़े धुरंधर- दर्शक।'
सारा ने की दर्शकों की तारीफ
सारा ने आगे लिखा, 'लंबे समय से लोग कहते रहे हैं कि अब दर्शकों के पास लंबी कहानियों को देखने का धैर्य नहीं बचा है। उनका ध्यान जल्दी भटक जाता है और सिनेमा की जगह कम हो गई है। लेकिन आप सबने यह बात गलत साबित कर दिया कि जब लोग किसी चीज पर सच में विश्वास करते हैं, तो दर्शकों की ताकत कितनी बड़ी होती है।'
दर्शकों को दिया 'धुरंधर' की सफलता का श्रेय
सारा ने आगे लिखा, ''धुरंधर' की यह सफलता पूरी तरह आपकी वजह से है। आपका हर प्यार, आपका हर सपोर्ट इस फिल्म को आगे बढ़ाने में मददगार रहा। इसके लिए मैं जितना भी शुक्रिया कहूं, कम है। हम कलाकार और फिल्म बनाने वाले प्रक्रिया के हर हिस्से को नियंत्रित कर सकते हैं, लेकिन दर्शकों पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं होता। और यही चीज सबसे खूबसूरत है। जब ऐसा जुड़ाव होता है, तो यह बहुत संतोष देने वाला अनुभव होता है।'
दर्शकों का किया शुक्रिया
सारा ने आगे लिखा, 'मुझे जो स्नेह, हौसला और अच्छाई मिली है, उससे मैं बहुत कृतज्ञ हूं। मैं भगवान के सामने और आप सबके सामने सिर झुकाकर दिल से शुक्रिया कहती हूं। मैंने अभी-अभी अपनी शुरुआत की है। जिस फिल्म में मैं काम कर रही हूं और जिस तरह का काम करने की कोशिश कर रही हूं, उसके लिए इतनी जल्दी इतना प्यार मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा है। इससे मुझे बहुत ताकत मिलती है।'
सारा 'धुरंधर' का हिस्सा बनकर खुश हैं
सारा ने आगे लिखा, आखिर में, अभिनय एक कला है। हम जो करते हैं, वह इसलिए करते हैं ताकि कोई इसे महसूस कर सके। यह देखकर कि आपने इसे सच में महसूस किया और कहानी आप तक पहुंची, यह एक बड़ी जीत है। इसका श्रेय मैं खुद नहीं लेती, बल्कि फिल्म बनाने वालों को जाता है। मैं तो बस खुश हूं कि इसका हिस्सा बन सकी और इससे भी ज्यादा खुश हूं कि आपने इस जीत को अपना बना लिया।'