बात को आगे बढ़ाते हुए सलीम कहते हैं, “‘रब ने बना दी जोड़ी’ का म्यूजिक कंपोज करना एक बहुत बड़ा मौका था। एक निर्माता के रूप में आदि के साथ हम ‘चक दे इंडिया’ और ‘आजा नचले’ के लिए काम कर चुके थे, लेकिन एक निर्देशक के रूप में आदि स्पेशल थे। हम इस एलबम को अपने लिए और दर्शकों के लिए सबसे यादगार बनाना चाहते थे, लेकिन इस सबसे बढ़कर मैं चाहता था कि म्यूजिक को फिल्म पर बखूबी जचना चाहिए।“
म्यूजिक एलबम की सबसे बड़ी यूएसपी के बारे में बात करते हुए सलीम कहते हैं, “इस म्यूजिक एलबम की सबसे बड़ी यूएसपी यह थी कि गानों को स्टोरी की अलग-अलग सिचुएशन के लिए बनाने के बावजूद वे सभी एक ही धागे से जुड़े हुए थे। वे एक जैसी दुनिया में ले जाते थे और किरदारों की पूरी झलक दिखलाते थे। हिस्ट्री और फिल्म के गाने में गोल्डन टेम्पल की अहमियत ने टाइटल सॉन्ग को एक भक्तिभाव और अमरता प्रदान कर दी।“
यह बात कम लोग ही जानते हैं कि ‘हौले हौले हो जाएगा प्यार’ के मुखड़े की धुन जाहिर तौर पर आदित्य चोपड़ा की थी। सुलेमान खुलासा करते हैं, “इस गाने के बोल दरअसल उस सीन से निकले थे, जिसे आदि ने लिखा था और उस सीन का आखिरी डायलॉग था- ‘तानी पार्टनर, हौले हौले हो जाएगा प्यार’। आदि इन बोलों को एक कच्ची-पक्की धुन में गुनगुनाया करते थे जो हमें उस रूप में भी अच्छी लगी। तो हमने जयदीप साहनी के साथ मिलकर इसे आगे डेवलप करने का फैसला किया। हमने मेलोडी को ज्यादा से ज्यादा सिंपल रखने की कोशिश की थी।“