अपने अभिनय के साथ साथ अतरंगी अंदाज के लिए मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह ने 10 साल पहले आज (10 दिसंबबर) ही के दिन बॉलीवुड में कदम रखा था। रणवीर सिंह कभी अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में रहते हैं तो कभी फैशन सेंस को लेकर। उनके कपड़ों को लेकर कई बार उन्हें ट्रोल भी किया जाता है लेकिन इससे उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता और वह सिर्फ अपने काम पर ध्यान लगाते हैं। रणवीर का मानना है कि 'आप सफल हों या असफल, लोग आपके बारे में बातें करेंगे। उससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए।' मुंबई में जन्मे रणवीर सिंह की शुरुआती पढ़ाई यहीं से हुई। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के इंडियाना यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ ऑर्ट्स की डिग्री ली। कॉलेज के दौरान वह स्टेज और डिबेट शोज में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपना करियर फिल्मों में बनाने के बारे में सोचा।
फिल्मी करियर की शुरुआत
अमेरिका में पढ़ाई के दौरान रणवीर ने एक्टिंग क्लासेस भी ज्वॉइन कर लिया। साल 2007 में वह मुंबई वापस आए और यहां एक एड एजेंसी के लिए कॉपीराइटर के तौर पर जुड़ गए। करीब एक साल तक उन्होंने कई विज्ञापनों के लिए लिखने का काम किया। कॉपीराइटर के तौर पर उनकी मुलाकात 'साथिया' फिल्म के निर्देशक शाद अली से हुई। दोनों में दोस्ती हुई और रणवीर, शाद अली को असिस्ट करने लगे। रणवीर को तो अभिनय के क्षेत्र में जाना था तो उन्होंने फिर से इस पर ध्यान देना शुरू किया और मुंबई के किशोर नमित कपूर एक्टिंग स्कूल में एडमिशन ले लिया। इसके बाद वे पृथ्वी थियेटर से भी जुड़े। एक दिन उन्हें पता चला कि यशराज फिल्म्स अपनी नई फिल्म 'बैंड बाजा बारात' के लिए एक अभिनेता की तलाश कर रही है। वह कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा से मिले और ऑडिशन दिया। यहीं से रणवीर की किस्मत खुल गई और वह फिल्म के लिए चुन लिए गए। तब से लेकर अब तक रणवीर ने हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं। तो चलिए नजर डालते हैं उनकी बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट पर।