फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Runway 34 Box Office Collection Day 3: 11 साल का सबसे खराब वीकेंड, ‘दिल तो बच्चा है जी’ के करीब पहुंचे देवगन

Mon, 02 May 2022 12:14 AM IST
शशि सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 5
रनवे 34, दिल तो बच्चा है जी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

मिस्टर भरोसेमंद कहलाने वाले अभिनेता अजय देवगन हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा सितारों में हैं जिनकी खराब फिल्मों के भी कामयाब होने की दुआएं मुंबई फिल्म जगत करता है। उनका अपना एक आभामंडल है। लेकिन, इस आभामंडल को उनके अपने ही निर्देशन में बनी फिल्म ‘रनवे 34’ ने दरका दिया है। फिल्म इंटरवल के बाद तो कमजोर बनी ही है, फिल्म की मार्केटिंग ठीक से न होने के चलते मेट्रो शहरों के दर्शकों ने भी फिल्म को खास तवज्जो नहीं दी। दूसरी और तीसरी कतार के शहरों में फिल्म ‘रनवे 34’ की हालत ज्यादा खराब है। फिल्म का कलेक्शन रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को शुक्रवार और शनिवार से बेहतर रहा है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ‘रनवे 34’ का पहले वीकेंड का कलेक्शन इतना कम है कि इसने 2011 में रिलीज हुई अजय की ही फिल्म ‘दिल तो बच्चा है जी’ की बराबरी कर ली है।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 5
गोलमाल अगेन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फ्लॉप फिल्म की तरफ अग्रसर
अजय देवगन की छवि भले हिंदी सिनेमा में एक्शन स्टार की रही हो लेकिन ये तथ्य जानकर आप भी चौंक जाएंगे कि अजय देवगन की पहले वीकेंड पर सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म उनकी कॉमेडी सीरीज की फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ रही है। इस फिल्म ने साल 2017 में रिलीज होने के पहले वीकेंड में 87.60 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली थी। इस फिल्म के मुकाबले में फिल्म ‘रनवे 34’ का पहला वीकेंड बहुत ही खराब रहा है। इतना खराब वीकएंड इससे पहले साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘दिल तो बच्चा है जी’ का ही रहा था। मधुर भंडारकर निर्देशित इस फिल्म की गिनती अजय देवगन की फ्लॉप फिल्मों में होती है।
विज्ञापन

3 of 5
रनवे 34 - फोटो : सोशल मीडिया
काम नहीं आया अमिताभ का साथ
फिल्म ‘रनवे 34’ ने शुक्रवार को रिलीज के दिन उम्मीद से काफी कम कारोबार करके हिंदी सिनेमा को सोचने पर मजबूर कर दिया था। फिल्म में अजय देवगन के साथ साथ अमिताभ बच्चन की भी मौजूदगी के चलते ट्रेड को भरोसा था कि फिल्म पहले दिन कम से कम 10 करोड़ रुपये के ऊपर की ओपनिंग लेगी। लेकिन, ऐसा हुआ नहीं और फिल्म इसके तिहाई यानी 3.5 करोड़ पर ही अटक गई। दूसरे दिन फिल्म का कलेक्शन कुछ उछल कर पांच करोड़ तक आया और अब रविवार को फिल्म ‘रनवे 34’ का कलेक्शन शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 6.50 से लेकर 7.00 करोड़ रुपये के बीच रहने की आशा है। यानी कि फिल्म का पहले वीकेंड का कलेक्शन 15 करोड़ रुपये के आसपास ही रहने वाला है।

4 of 5
गोलमाल अगेन, दिल तो बच्चा है जी, तानी जी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वीकएंड की कमाई में टॉप
अजय देवगन की फिल्मों के पहले वीकेंड का रिकॉर्ड देखें तो इनमें सबसे आगे फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ है 87.60 करोड़ रुपये कलेक्शन के साथ। दूसरे नंबर पर मौजूद ‘सिंघम रटर्न्स’ ने पहले वीकेंड पर 77.69 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद 66.02 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘सन ऑफ सरदार’ तीसरे नंबर पर, 62.40 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली फिल्म ‘टोटल धमाल’ चौथे नंबर पर और अजय देवगन के करियर की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ पहले वीकेंड पर 61.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पांचवें नंबर पर है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
रनवे 34 - फोटो : सोशल मीडिया
अमिताभ की होगी फ्लॉप की हैट्रिक?
फिल्म ‘रनवे 34’ में अमिताभ बच्चन की मौजूदगी का भी फिल्म को कोई खास फायदा नहीं हुआ। दरअसल बड़े परदे पर अमिताभ बच्चन की फिल्मों का आकर्षण भी बहुत तेजी से कम होता नजर आ रहा है। पिछले साल रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘चेहरे’ सुपरफ्लॉप रही। इसके बाद अभी मार्च में रिलीज हुई फिल्म ‘झुंड’ को भी सिनेमाघरों में देखने ज्यादा लोग नहीं पहुंचे। फिल्म अपने पूरे प्रदर्शन के दौरान कुल जमा सवा 15 करोड़ रुपये कमा पाई और फ्लॉप घोषित हुई। फिल्म ‘रनवे 34’ का हाल भी अगर ऐसा ही रहा तो ये अमिताभ बच्चन की लगातार तीसरी फ्लॉप फिल्म हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें