निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भले उनकी अपनी ही पिछली फिल्म ‘बाहुबली 2’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से आगे न निकल पाई हो लेकिन, इस फिल्म ने कोरोना महामारी के बाद जिस तरह से दर्शकों को सिनेमाघरों में वापस खींचा है, उससे ये तो तय हो गया है कि दर्शकों ने सिनेमाघरों में देखे जाने लायक फिल्मों को सिनेमाघरों में ही देखने का मन फिर से बना लिया। फिल्म ‘बाहुबली 2’ ने अपनी रिलीज के पहले तीन दिनों में 510 करोड़ रुपये कमाए थे, ‘आरआरआर’ ने भी 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा तीन दिन में करीब करीब छू लिया। साथ ही ये फिल्म इस साल दुनिया भर में बीते रविवार तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष 10 फिल्मों में भी शामिल होने में कामयाब रही। साल 2022 की शुरुआत भारतीय सिनेमा के लिए शानदार रही है। पहले तीन महीनों में ही अब तक छह फिल्में 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पाने में कामयाब हो चुकी हैं।