सोमवार की गिरावट के बाद मंगलवार को निर्माता, निर्देशक और अभिनेता आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट’ ने फिर से अपने कलेक्शन में बढ़ोत्तरी दर्ज करनी शुरू कर दी है। देश के कई हिस्सों से इस फिल्म के लिए ग्रुप बुकिंग और स्कूली छात्रों के स्पेशल शोज भी होने शुरू हो गए हैं। फिल्म देखने वाले इस फिल्म को देश में टैक्स फ्री करने की मांग भी कर रहे हैं। फिल्म का कलेक्शन मंगलवार को बढ़ने का सीधा असर इसके साथ रिलीज हुई फिल्म ‘राष्ट्रकवच ओम’ और बीते हफ्ते की रिलीज ‘जुग जुग जियो’ के गिरते कलेक्शन पर दिख रहा है। इस बीच माधवन ने शुक्रवार से फिल्म के तमिल संस्करण के शोज बढ़ाने का वादा किया है।