बीते शुक्रवार को रिलीज हुई दोनों हिंदी फिल्मों की तुलना में निर्माता, निर्देशक और अभिनेता आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ का जादू धीरे धीरे दर्शकों पर असर करने लगा है। शुक्रवार को 1.73 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ हिंदी, तमिल और मलयालम में रिलीज हुई इस फिल्म ने शनिवार को शानदार उछाल लेने के बाद रविवार को भी अपने कलेक्शन को और बेहतर किया है। फिल्म की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर फिल्म को मिल रही तारीफों के चलते पूरे सप्ताहांत बढ़ती रही। आर माधवन की इस फिल्म के सिर्फ हिंदी संस्करण की कमाई की बात करें तो इसने तमिल के दो दिग्गज सितारों कमल हासन की फिल्म ‘विक्रम’ और विजय की फिल्म ‘बीस्ट’ से बेहतर कमाई पहले सप्ताहांत पर की है।