बड़े परदे से लेकर छोटे परदे तक अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से अपने प्रशंसकों का दिल जीतते रहे अभिनेता रणवीर सिंह ने अपने डिजिटल डेब्यू में भी कमाल कर दिया है। उनकी पहली ओटीटी सीरीज 'रणवीर वर्सेस वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' ने नेटफ्लिक्स पर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। जानकारी के मुताबिक व्यूज की संख्या में इस सीरीज ने नेटफ्लिक्स की हाल के दिनों की सबसे कामयाब सीरीज ‘शी 2’ और कपिल शर्मा के शो ‘आई एम नॉट डन येट’ को भी पीछे छोड़ दिया है। इस कामयाबी से रणवीर भी काफी खुश हैं और वह कहते हैं, ‘अब मुझे यकीन होने लगा है कि लोग मुझे उसी रूप में देखना चाहते हैं, जैसा मैं असल जिंदगी में हूं।’