अहमद फराज की बेहद मशहूर एक गजल है, ‘रंजिश ही सही दिल ही दुखाने के लिए आ, आ फिर से मुझे छोड़ के जाने के लिए आ...!’ इस गजल को गायक मेहंदी हसन ने अपनी अनोखी आवाज से गजल के शौकीनों के बीच अमर कर दिया है। पाकिस्तानी संगीत से करीब का नाता रखने वाले फिल्ममेकर महेश भट्ट ने इसी गजल के पहले जुमले को लेकर अब एक वेब सीरीज बनाई है, ‘रंजिश ही सही।’ ताहिर राज भसीन, अमला पॉल और अमृता पुरी की प्रमुख भूमिकाओं वाली इस सीरीज का टीजर सोमवार को रिलीज हुआ और टीजर ने आते ही कहानी की पूरी पोल खोल दी है। ताहिर यहां महेश भट्ट की निजी जिंदगी की ही कहानी दोहराते दिखते हैं। ये कहानी एक ऐसे फिल्म निर्देशक की है, जो एक बच्ची का बाप होते हुए एक हीरोइन के इश्क में गिरफ्तार हो जाता है।