कॉमेडी की दुनिया का अनमोल नगीना आज कहीं खो गया। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने आज इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। बीते महीने 10 अगस्त 2022 को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां लगातार उनका इलाज चल रहा था। वह वेंटिलेटर पर थे और उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार होने की बात कही जा रही थी, लेकिन आज बुधवार को 41 दिन तक वेंटिलेटर से जंग लड़ रहे राजू श्रीवास्तव ने अंतिम सांस ली। इसी खबर के साथ उनके चाहने वालों को सारी उम्मीदें टूट गईं और सभी को मायूस कर गई। लेकिन सभी का मानना है कि हंसी के सरताज की यादें हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। इस समय हर कोई उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है, इनमें उनके दोस्तों से लेकर देश की बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल हैं। ऐसे उनके दोस्त और राजू की मदद से ही अपने आपको इंडस्ट्री में स्थापित करने वाले सुनील पाल ने भी दुख जताया है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि आखिर क्यों सुनील पाल राजू श्रीवास्तव को अपना आदर्श मानते है।