विधु विनोद चोपड़ा के करीबी दोस्त और थ्री इडियट्स, पीके और संजू जैसी सुपरहिट फिल्मों के निर्देशक राजकुमार हीरानी के यौन उत्पीड़न के आरोपो में फंसते ही उनकी अगली फिल्म मुन्नाभाई चले अमेरिका को लेकर दिक्कतें शुरू हो गई हैं। विधु विनोद चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस के साथ प्रस्तावित इस फिल्म को लेकर मल्टीनेशनल कॉरपोरेट हाउस फॉक्स स्टार इंडिया से चल रही डील इस विवाद के चलते खटाई में पड़ने के आसार दिख रहे हैं। इस बारे में फॉक्स् स्टार ने अपने मुंबई ऑफिस से बातचीत की है।
फॉक्स स्टार इंडिया ने ही हीरानी की पिछली फिल्म संजू को पूरी दुनिया में रिलीज किया था। इस बार भी राज कुमार हीरानी और विधु विनोद चोपड़ा ने मुन्नाभाई सीरीज की अगली फिल्म के लिए पिछले एक साल स्क्रिप्ट पर काफी काम किया है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक चर्चा ये भी है कि हीरानी पर लगे आरोप जानबूझकर ऐसे समय सार्वजनिक किए गए हैं, जब इस फिल्म को लेकर डील फाइनल होने वाली थी और दोनों फिल्ममेकर अपनी इस अगली फिल्म का ऐलान करने वाले थे। मुन्नाभाई सीरीज में सर्किट का रोल करते रहे अरशद वारसी ने ही सबसे पहले इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने की खबर लीक की और इसी के तुरंत बाद हीरानी के खिलाफ शिकायत वाली मेल सार्वजनिक की गई।