अपनी फिल्म को हिट कराने के लिए सितारे दिन-रात एक कर देते हैं। रिलीज से पहले वह जमकर प्रमोशन करते हैं। अपने अनुभव साझा करते हैं और वह तमाम पैंतरे आजमाते हैं, जो उन्हें बॉक्स-ऑफिस पर सफलता दिला सकें। कुल मिलाकर वह हर हाल में दर्शकों और अपने फैंस का दिल जीत लेना चाहते हैं, ताकि सिनेमाघर तक उन्हें खींचने में कामयाब हों। हालांकि, कई बार अति उत्साह में वह कुछ ऐसा कर जाते हैं कि मामला उल्टा पड़ जाता है। बना-बनाया माहौल बिगड़ जाता है और तारीफ की बजाय वह ट्रोलिंग का शिकार हो जाते हैं। इसका हालिया उदाहरण आर. माधवन हैं। अपनी आगामी फिल्म 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' के प्रमोशन में माधवन ने दिन-रात एक कर दिया है। लेकिन, हाल ही में वह अपने एक बयान को लेकर ट्रोल्स के निशाने पर आ गए। उन्होंने प्रमोशन के दौरान कहा, 'इसरो ने अपने मिशन मंगल के दौरान पीएसएलवी C-25 रॉकेट लॉन्च करने और उसे मंगल ग्रह की कक्षा में पहुंचने के लिए हिंदू पंचांग की मदद ली थी।' उनका यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। वैसे, माधवन से पहले भी कई स्टार्स फिल्म प्रमोशन के दौरान अपने बयान और एक्शन से ट्रोल हो चुके हैं। आइए जानते हैं...