साउथ सुपरस्टार अर्जुन अल्लू की फिल्म 'पुष्पाः द राइज' को देखने के लिए रिलीज के पहले दिन से ही फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। हिंदी भाषी दर्शकों को ये फिल्म खासा पसंद आई और ये बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई है। अभी पुष्पा का पहला भाग रिलीज किया गया है। इस फिल्म की कहानी लाल चंदन की तस्करी पर आधारित है। पुष्पा में अर्जुन अल्लू ने पुष्पा राज का किरदार निभाया है। पुष्पा में अर्जुन अल्लू के अपोजिट एक्ट्रेस रिश्मिका मंदाना हैं जिन्होंने श्रीवल्ली नाम की लड़की का किरदार निभाया है। इस फिल्म में अर्जुन अल्लू के अभिनय और डायलॉग ने दर्शकों का दिल जीत लिया तो वहीं इस फिल्म के गाने भी दर्शकों के बीच खूब पसंद किए जा रहे हैं। इसी बीच साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने भी ट्वीट कर अर्जुन अल्लू की फिल्म 'पुष्पा' की तारीफ की है। जिसके बाद अर्जुन अल्लू ने भी उनका शुक्रिया किया।