priyanka and madhu chopra
हर कोई मायूस है और हम भी। कोरोना ने हर किसी की आजादी छीन ली है। चाहे कोई अमीर हो या गरीब, सभी के लिए यह बराबर की समस्या है। मुंबई के हालात हम देख रहे हैं, जो लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं, उनके बारे में भी सोचते हैं। बरेली के लोगों से सिर्फ इतना ही कहना चाहते हैं कि इस दौर में हर किसी की जिंदगी उसकी अपनी जिम्मेदारी है। कोरोना खत्म होने तक घरों में रहें और अपने परिवार और शहर को सुरक्षित रखें।
बॉलीवुड सुपरस्टार प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने यह जज्बात अमर उजाला से फोन पर बातचीत करते हुए साझा किए। उन्होंने कहा कि मुंबई में शुरुआत में कोरोना को गंभीरता से नहीं लिया गया लेकिन अब यहां कई इलाकों में चिंताजनक माहौल है। चीन में जो हुआ, उससे सबक लेकर लोग अगर पहले से सावधान होते तो शायद ऐसा नहीं हुआ होता। अमेरिका जैसा देश भी बच नहीं पाया है। हालात अनिश्चितता के हैं लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि अगर लोग कुछ दिन खुद पर काबू रखें तो कोरोना पर भी काबू पाया जा सकता है।