बॉलीवुड में हर रोज किसी ना किसी एक्टर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आ रहा है। ऐसे में अब #MeToo के तहत 55 वर्षीय एक्टर पीयूष मिश्रा का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। बता दें कि केतकी जोशी नाम की एक लड़की ने पीयूष पर उन्हें छेड़ने और उनसे बदतमीजी करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता केतकी जोशी ने अपने फेसबुक पोस्ट में खुद के साथ हुई सारी आपबीती लिखी है कि 'साल 2014 में पीयूष एक फैन पार्टी में बतौर गेस्ट आए थे लेकिन उस दौरान उन्होंने 20-25 लोगों के सामने मुझसे फ्लर्ट करना शुरू कर दिया और पूरी पार्टी में सिर्फ शराब ही पीते रहे। केतकी ने आगे बताया कि पार्टी खत्म होने के बाद जब वह पीयूष के पास से गुजरी तो उन्होंने मेरा हाथ पकड़ खुद के हाथ से रगड़ना शुरू कर दिया।
इसके बाद एक बार फिर केतकी के साथ ये वाकया हुआ। दरअसल जब वह छत पर कुछ लेने गईं तो पीयूष तुरंत खड़े हुए और मेरी ओर आने लगे, मुझे एहसास हो गया था कि वह मुझे गले लगाने आ रहे हैं, ऐसे में मैंने तेज आवाज में कहा प्लीज आप बैठ जाइए, मुझे सुनकर कुछ लोग वहां आए और मुझे ले गए। केतकी ने आगे लिखा कि अगर वहां कोई नहीं आता तो यकीनन पीयूष मेरा यौन शोषण कर देते।'
वहीं, पीयूष की नजर जब इन सभी आरोपों पर पड़ी तो उन्होंने इनके जवाब में कहा कि 'मैंने उस दिन बहुत शराब पी हुई थी मुझे कुछ याद नहीं है, लेकिन मैं इस सबके लिए आपसे माफी चाहता हूं।'