फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Padma Khanna: काशी की बिटिया पर यूं लगा कैबरे डांसर का ठप्पा, रामानंद सागर ने ‘कैकेयी’ के लिए इस तरह किया राजी

Sun, 10 Mar 2024 09:25 AM IST
मोहम्मद फायक अंसारी अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला
पद्मा खन्ना का नाम हिंदी सिनेमा के शौकीनों के दिमाग में एक अलग ही घंटी बजाता है। उनके उत्तेजक नृत्य देखने किसी जमाने में लोगों की टिकट खिड़की पर लाइन लगी रहती थी। दूरदर्शन आया तो रामानंद सागर ने अपने धारावाहिक 'रामायण' में उन्हें कैकेयी की भूमिका दी। ये छवियां सिनेमा ने उस अदाकारा की बनाईं जिसने भोजपुरी फिल्मों में नंबर वन हीरोइन बनकर राज किया। 10 मार्च 1949 को बनारस में जन्मी पद्मा खन्ना के जन्मदिन पर आइए जानते हैं, उनके जीवन से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से..
विज्ञापन

2 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई
वैजयंती माला बनीं पथप्रदर्शक
पद्मा खन्ना ने बिरजू महाराज से कथक डांस सीखा। वह सात साल की थीं तभी से उन्होंने पंडित बिरजू महाराज से कथक की ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी। 12 साल की उम्र से ही वह  स्टेज पर परफॉर्म देने लगी थीं। एक दिन उन पर सिनेमा की बेहतरीन अदाकारा वैजयंती माला की नजर पड़ी। वैजयंती माला खुद भी डांस में अव्वल रही हैं। उन्हें पद्मा खन्ना का डांस इतना पसंद आया कि उन्होंने पद्मा खन्ना  को फिल्मों अपनी किस्मत  आजमाने की सलाह दी।
विज्ञापन

3 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

भोजपुरी सिनेमा से हुई शुरुआत 

भोजपुरी सिनेमा की पहली फिल्म 'गंगा मइया तोहे पियरी चढ़इबो' से पद्मा खन्ना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1963 में की। जब यह फिल्म रिलीज हुई, उस समय पद्मा खन्ना की उम्र 14 साल की थी। इस फिल्म के बाद पद्मा खन्ना ने 'बिदेसिया', 'बलम परदेसिया', 'धरती मैया', 'दगाबाज बलमा', 'बहुरिया', 'माई', 'भैया दूज', 'हे तुलसी मैया' जैसी कई भोजपुरी फिल्मों में यादगार किरदार निभाए हैं। उन्होंने साल 2004 में एक भोजपुरी फिल्म 'नाहिर हटल जाय' का निर्देशन भी किया।

4 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

और, फिर 'हुस्न के लाखों रंग'

हिंदी फिल्मों में पद्मा खन्ना ने अपनी शुरुआत साल 1966 में रिलीज फिल्म फिल्म 'बीवी और मकान' में एक छोटी सी भूमिका से की। लेकिन, देव आनंद की फिल्म 'जॉनी मेरा नाम' के एक गाने ने उन्हें रातोंरात मशहूर कर दिया। इस फिल्म में पद्मा खन्ना ने कैबरे डांसर की भूमिका निभाई और प्रेमनाथ के साथ उन पर फिल्माया गया गीत 'हुस्न के लाखों रंग' सुपरहिट हो गया। इस फिल्म के बाद वह कई फिल्मों में कैबरे डांसर की भूमिका में नजर आई। यश चोपड़ा की फिल्म 'दाग' के गाने 'नी मैं यार मनाना नी', 'सुल्ताना डाकू' के मुजरा 'भोर होते बलम चले जाएंगे' और फिल्म 'चिंगारी' के गीत 'अरे मेरे यार मुझे थाम' उनके दूसरे सुपरहिट गाने हैं।

विज्ञापन

5 of 11
जॉनी मेरा नाम में पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई
'जॉनी मेरा नाम' से बदली इमेज
पद्मा खन्ना जिस समय भोजपुरी की नंबर वन हीरोइन थीं, उसी समय निर्माता, निर्देशक और अभिनेता देव आनंद की नजर उन पर पड़ी। अपने भाई विजय आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म 'जॉनी मेरा नाम' में देव आनंद की सिफारिश पर ही उन्हें मौका मिला। और, इस फिल्म ने पद्मा खन्ना को खूब लोकप्रियता दिलाई। हालांकि, पद्मा खन्ना लंबे समय तक इस बात के लिए खुद को कोसती रहीं कि उन्होंने ये फिल्म की ही क्यों? फिल्म में आशा भोसले का गाया गाना 'हुस्न के लाखों रंग' को अश्लील गीत माना गया और पद्मा खन्ना का लुक भी बहुत बोल्ड था, इस फिल्म के बाद उन्हें इसी तरह की भूमिकाएं ऑफर होने लगीं।
विज्ञापन

6 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

मीना कुमारी की बॉडी डबल 

कमाल अमरोही की फिल्म 'पाकीजा' में पद्मा खन्ना ने मीना कुमारी की बॉडी डबल का काम किया था। दरअसल, इस फिल्म की शूटिंग के दौरान मीना कुमारी बीमार हो गई थी। इस फिल्म के गीत 'चलो दिलदार चलो' और 'तीर-ए-नजर देखेंगे' गाने में चेहरे को घूंघट से ढक कर जो महिला डांस करती दिखती हैं, असल में वह मीना कुमारी नहीं, बल्कि वह पद्मा खन्ना थीं। इस गाने में पद्मा खन्ना के कदमों का प्रभाव इतना शक्तिशाली था कि आज तक दर्शकों को यह समझ में नहीं आया कि मीना कुमारी की जगह पद्मा खन्ना डांस कर रही हैं। 

विज्ञापन

7 of 11
सौदागर' में पद्मा  खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

अमिताभ बच्चन की नायिका 

राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'सौदागर' में पद्मा  खन्ना भारतीय सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन की नायिका के रूप में नजर आ चुकी हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने मोती की भूमिका निभाई थी, जो गुड़ का व्यापार करता है। मोती की पत्नी की भूमिका नूतन ने निभाई और मोती को प्रेम हो जाता है फूल बानो से। फिल्म में पद्मा खन्ना पर फिल्माया गीत 'सजना है मुझे सजना के लिए' खूब लोकप्रिय हुआ। 

8 of 11
रामायण में पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

कैकेयी की भूमिका से किया इन्कार 

रामानंद सागर के धारावाहिक 'रामायण' में कैकेयी की भूमिका में पद्मा खन्ना को खूब लोकप्रियता मिली लेकिन पहले पद्मा खन्ना ने कैकेयी की भूमिका निभाने से इन्कार कर दिया था। रामानंद सागर ने उनसे बस इतना ही कहा था, 'लोग 'रामायण' में किसी को भी भूल सकते हैं लेकिन कैकेयी को कभी नहीं भूल सकते।' रामानंद सागर के समझाने पर ही वह कैकेयी की भूमिका निभाने के लिए राजी हुईं और यह किरदार छोटे पर्दे पर अमर हो गया।  

9 of 11
रामायण में पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

सागर भी अपने आंसू नहीं रोक सके 

'रामायण' के कोप-भवन वाले सीन के लिए पद्मा खन्ना ने पहले से ही बहुत तैयारी करके रखी थी। सेट पर सभी को पता था कि ये एक बेहद इमोशनल सीन होने वाला है, लेकिन वहां किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि इसे शूट करने के बाद पद्मा खन्ना की ऐसी हालत हो जाएगी कि डायरेक्टर के कट बोलने के बाद भी वह घंटों तक रोती रहेंगी, उस दृश्य को अपने अभिनय से पद्मा खन्ना ने ऐसा जीवंत कर दिया कि खुद रामानंद सागर भी अपने आंसू नहीं रोक सके थे।

10 of 11
पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

..तो सीता की भूमिका निभाती

फिल्म 'जॉनी मेरे नाम' के कैबरे डांस वाले गाने से पद्मा खन्ना की ऐसी  छवि बनी कि इसी तरह के किरदार उन्हें फिल्मों में ऑफर होने लगे। एक इंटरव्यू के दौरान पद्मा खन्ना ने इस बात का भी खुलासा किया कि अगर उन्होंने 'जॉनी मेरा नाम' में कैबरे नहीं किया होता तो वह ‘रामायण’ में कैकेयी नहीं बल्कि सीता की भूमिका निभातीं। पद्मा खन्ना मानती हैं कि 'जॉनी मेरा नाम' में काम करना उनका गलत फैसला था।      

विज्ञापन

11 of 11
पति व बच्चों के साथ पद्मा खन्ना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मु्ंबई

शादी के बाद छोड़नी पड़ी इंडस्ट्री 

साल 1986 में पद्मा खन्ना ने निर्देशक जगदीश सिदाना से शादी की और 1990 में उनके साथ अमेरिका चली गईं।  जगदीश सिदाना से पद्मा खन्ना की पहली बार मुलाकात फिल्म 'सौदागर' की शूटिंग के दौरान हुई थी। इस फिल्म में जगदीश सिदाना असिस्टेंट डायरेक्टर थे। पति के निधन के बाद भी पद्मा खन्ना न्यू जर्सी में अपने बच्चों  नेहा और अक्षर के साथ रहती हैं और अपनी नृत्य अकादमी चलाती हैं।
Miss World 2024: 'मिस वर्ल्ड 2024' प्रतियोगिता का लुत्फ उठाने पहुंचे सितारे, रेड कार्पेट पर बिखेरा जलवा

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें